82 साल के हुए खेल गुरु राधेश्याम सोलंकी, शिष्यों ने धूमधाम से मनाया जन्मदिन
खेल जगत की हस्तियों ने किया सम्मान, बोले—सर का योगदान हमेशा रहेगा याद

देवास। शहर के खेल जगत में लंबे समय से अपनी अलग पहचान रखने वाले खेल गुरु राधेश्याम सोलंकी का 82वां जन्मदिन उनके शिष्यों, शुभचिंतकों और खेल जगत से जुड़े साथियों ने उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया।
इनोवेटिव पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में सभी ने सोलंकी सर के दीर्घायु और शतायु होने की कामना करते हुए उनका स्वागत एवं सम्मान किया।
जानकारी देते हुए मिर्जा मुशाहिद बेग ने बताया कि राधेश्याम सोलंकी का व्यक्तित्व और खेल जगत के प्रति उनका समर्पण सभी के लिए अनुकरणीय है। उनके 82वें जन्मदिन पर उनके शिष्यों एवं खेल जगत से जुड़ी हस्तियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके शतायु होने की कामना की। इस अवसर पर खेल विभाग के यशवंत डागोरा ने श्री सोलंकी के व्यक्तित्व एवं खेल क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

सेवानिवृत्त खेल शिक्षक सलीम शेख ने कहा कि सोलंकी सर का जन्मदिन हम सभी के लिए विशेष अवसर है। जब सर शतायु होंगे, तब भी हम इसी तरह धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ उनका जन्मदिन मनाएंगे। साईनाथ पब्लिक स्कूल के संचालक शकील कादरी ने कहा कि खेल जगत में सोलंकी सर का उल्लेखनीय योगदान रहा है। उन्होंने ईश्वर से उनके स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की प्रार्थना की।
कार्यक्रम में आदिल पठान, मुजीब शेख (नावेल्टी स्पोर्ट्स), खेल विभाग के जावेद पठान, यूनुस खान, महेश सोनी, सैयद सदाकत अली और मिर्जा मुशब्बिर बेग सहित अन्य उपस्थित रहे। सभी ने सोलंकी सर का स्वागत एवं सम्मान कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन सलीम शेख ने किया, जबकि आभार इनोवेटिव स्कूल के संचालक सैयद मकसूद अली ने माना।




