सेवा सेतु कार्यक्रम में प्रत्येक वार्ड में स्वच्छता अभियान के साथ होगा पौधारोपण
7 अक्टूबर को सेवा ज्योति यात्रा में 10 हजार नागरिक एवं कार्यकर्ता होंगे शामिल, प्रधानमंत्री मोदी करेंगे वीडियो कांफ्रेसिंग से संबोधित

देवास। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से प्रारंभ हुआ सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। बुधवार को भाजपा कार्यालय पर भाजपा पार्षद दल की बैठक जिला अध्यक्ष डॉ रायसिंह सेंधव के मुख्य आतिथ्य एवं महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल, सभापति रवि जैन, विधायक प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, सत्तापक्ष नेता एवं पार्षद मनीष सेन की उपस्थिति में संपन्न हुई।
बैठक में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 2 अक्टूबर गांधी जयंती पर शहर के प्रत्येक वार्ड में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई करने एवं सफाई मित्रों का सम्मान करने के साथ वृहद पैमाने पर पौधरोपण करने का निर्णय लिया गया। भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. सेंधव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा मेरा योगदान में सभी पार्षद अपने-अपने वार्डों में कार्यकर्ता एवं नागरिकों के साथ संपूर्ण वार्ड में स्वच्छता अभियान चलाकर सफाई मित्रों का सम्मान करेंगे। इस अवसर पर वृहद स्तर पर वार्ड के धार्मिक स्थल एवं सार्वजनिक स्थानों सहित विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण करेंगे। इसी दिन सेवा सेतु कार्यक्रम में प्रातः 11 बजे नगर निगम जोन क्रमांक 1 कालूखेड़ी तालाब पर मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. सेंधव के मार्गदर्शन में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाकर तालाब पर श्रमदान किया जाएगा।
नगर निगम जोन क्रमांक 2 में मंडूक पुष्कर तालाब पर मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती अग्रवाल के मार्गदर्शन में कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों द्वारा तालाब पर श्रमदान किया जाएगा। नगर निगम जोन क्रमांक 3 पर बालगढ़ तालाब पर मुख्य अतिथि विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पंवार राजमाता के मार्गदर्शन में कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाकर तालाब पर श्रमदान किया जाएगा।
भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ सेंधव ने कहा कि 7 अक्टूबर को सेवा ज्योति यात्रा जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में निकाली जाएगी। शहर के प्रत्येक बूथ केंद्र, मंडल केंद्र एवं वार्ड क्षेत्रों से सेवा ज्योति यात्रा प्रातः 8 बजे से निकलेगी जो अपने-अपने क्षेत्रों से ढोल-धमाकों, दुपहिया वाहनों से निकलकर तुकोजीराव पवार स्टेडियम पहुंचेगी।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से देशभर के जिला केंद्रों में संबोधित करेंगे। इस ज्योति यात्रा में 10 हजार से अधिक कार्यकर्ता, महिला-पुरुष एवं गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ सेंधव, महापौर श्रीमती अग्रवाल, सभापति श्री जैन, विधायक प्रतिनिधि श्री अग्रवाल, सत्तापक्ष नेता श्री सेन ने सभी उपस्थित पार्षद एवं एल्डरमैन पार्षद से सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत आयोजित स्वच्छता अभियान, पौधारोपण कार्यक्रम एवं सेवा ज्योति यात्रा को प्रभावी रूप से सफल बनाने का आग्रह किया।
बैठक में आगामी सेवा कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा कार्यकमों को व्यापक स्तर पर सफल बनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश एवं पार्षदों से सुझाव लेकर विचार विमर्श किया। बैठक में बड़ी संख्या में पार्षदगण उपस्थित थे। बैठक का प्रभावी संचालन सत्तापक्ष नेता मनीष सेन ने किया। आभार पार्षद धर्मेन्द्रसिंह बैस ने माना। यह जानकारी भाजपा जिला मीडिया सह प्रभारी एवं एल्डरमैन दिनेश सांखला ने दी।



