पटाड़ी में लाखों की चोरी को दो महीने बीते, अब तक नहीं हो सका खुलासा
सूने मकान से जेवरात और नकदी चोरी हुई थी, सुराग देने वाले के लिए 51 हजार रुपए इनाम की घोषणा भी की थी

बरोठा (अमर चौधरी)। ग्राम पटाड़ी में सूने मकान का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी होने की घटना को करीब दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है।
इस बीच क्षेत्र में खेतों से कुएं की मोटर सहित अन्य सामान चोरी होने की घटनाओं को लेकर भी ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार 18 जून की शाम ग्राम किशनगढ़-पटाड़ी मार्ग पर मां कालिका मंदिर के पास स्थित विशाल झाला के सूने मकान को अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाया था। परिवार निजी काम से बाहर गया था। घर पर कोई मौजूद नहीं था।
अगले दिन 19 जून को परिवार वापस लौटा तो मकान का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो दोनों गोदरेज के ताले भी टूटे हुए थे। बदमाश सोने-चांदी के आभूषणों के साथ बड़ी मात्रा में नकदी भी ले गए।
परिवार के अनुसार चोरी गए सामान में चांदी का सिक्का, करीब 8 ग्राम की सोने की झुमकी, 7 ग्राम के कान के झुमके, बच्चों के चांदी के आभूषण, पायल, बिछिया, चांदी का नारियल, चूड़ी, चांदी के सिक्के, पोची, दो चांदी की चेन सहित अन्य सामान शामिल हैं। इसके अलावा एक अलमारी से 1 लाख 96 हजार रुपए और दूसरी अलमारी से 12 हजार रुपए नकद चोरी हुए थे।
51 हजार के इनाम की घोषणा की थी-
घटना के बाद बरोठा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। चोरी का खुलासा करने और आरोपियों तक पहुंचने के लिए ग्राम के सरपंच प्रतिनिधि धर्मेंद्र बागवान द्वारा पुलिस को 51 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा भी की गई थी। चोरी के बाद परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में लगे कुओं की मोटर और अन्य कृषि उपकरण भी चोरी होने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इधर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है।




