क्राइम

सार्वजनिक स्थल पर मारपीट करना पड़ा भारी, पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार

पिज्जा के ऑर्डर को लेकर बेकरी संचालक एवं ग्राहकों के बीच हुआ था विवाद

Share

🔹 दोनों पक्षों की शिकायत पर पृथक-पृथक प्रकरण पंजीबद्ध कर की गई वैधानिक कार्रवाई
🔹 दोनों पक्षों से जुड़े व्यक्तियों के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज
🔹 घटना के बाद बस स्टैंड क्षेत्र में रात्रिकालीन पेट्रोलिंग एवं निगरानी बढ़ाई

देवास। बस स्टैंड क्षेत्र में देर रात पिज्जा के ऑर्डर को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया।

सार्वजनिक स्थान पर हुए इस विवाद से कुछ देर के लिए माहौल बिगड़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभालते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ शिकायत के आधार पर अलग-अलग कानूनी कार्रवाई शुरू की। घटना के बाद क्षेत्र में रात के समय निगरानी भी बढ़ा दी गई है।

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवास के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर लड़ाई-झगड़ा, मारपीट, गाली-गलौज कर शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

15 सितंबर की रात्रि लगभग 11 से 11:30 बजे के मध्य बस स्टैंड देवास स्थित एनी टाइम बेकरी पर पिज्जा के ऑर्डर को लेकर बेकरी संचालक एवं ग्राहकों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज एवं मारपीट की स्थिति निर्मित हो गई। घटना की सूचना प्राप्त होते ही थाना कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस द्वारा दोनों पक्षों की शिकायत पर पृथक-पृथक प्रकरण पंजीबद्ध करते हुए घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

1. एनी टाइम बेकरी संचालक पक्ष की रिपोर्ट पर धारा 296(बी), 115(2), 331(6), 351(3) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

2. ग्राहक प्रिंस चौहान एवं राजू चौहान की रिपोर्ट पर धारा 296(बी), 115(2), 351(3), 3(5), 118(1) बीएनएस तथा धारा 3(1)(द), 3(1)(ध), 3(2)(VA) एससी/एसटी एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

दोनों पक्षों से जुड़े व्यक्तियों के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज होना पाया गया है। पुलिस द्वारा उनके पूर्व रिकॉर्ड एवं वर्तमान गतिविधियों के आधार पर नियमानुसार प्रतिबंधात्मक एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

देर रात दुकान संचालन पर दिए निर्देश-
घटना की जांच में यह तथ्य सामने आया कि संबंधित दुकान देर रात्रि तक संचालित होने से क्षेत्र में लोगों का अनावश्यक जमावड़ा बना रहता है, जिससे विवाद एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है। दुकान संचालक को पूर्व में भी निर्धारित समय पर प्रतिष्ठान बंद करने के निर्देश दिए गए थे।

घटना के बाद थाना कोतवाली पुलिस द्वारा बस स्टैंड एवं आसपास के क्षेत्र में रात्रिकालीन पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। क्षेत्र के दुकानदारों को निर्धारित समय पर प्रतिष्ठान बंद करने तथा दुकानों के आसपास अनावश्यक जमावड़ा नहीं होने देने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। सार्वजनिक स्थान पर विवाद करने, गाली-गलौज, मारपीट अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सराहनीय भूमिका- थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत चौरसिया, उप निरीक्षक रूपेश वायसकर, प्रधान आरक्षक जितेंद्र पटेल, प्रधान आरक्षक मनोज मौर्य, आरक्षक जितेन्द्र एवं प्रधान आरक्षक मनोज पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Back to top button