इंदौर

मालवा निमाड़ क्षेत्र में 90 हजार स्थानों पर रूफ टॉप सोलर संयंत्र स्थापित

इंदौर में सर्वाधिक स्थानों पर सौर ऊर्जा उत्पादन

Share

इंदौर। शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से अधिकाधिक उपभोक्ताओं को सब्सिडी दिलाने एवं पर्यावरण हितैषी ऊर्जा उत्पादन के लिए मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वार हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसके आशातीत परिणाम भी दिखाई दे रहे हैं।

अब तक इस योजना में पश्चिम मप्र यानि मालवा निमाड़ क्षेत्र में 71500 स्थानों पर संयंत्र लगे हैं, इसमें से करीब 31 हजार संयंत्र इंदौर जिले में लगाए गए हैं। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना मिलाकर कुल रूफ टॉप सोलर संयंत्र की स्थापित क्षमता संख्या 90 हजार से अधिक हो गई है। ताजा स्थिति में 66 हजार उपभोक्ताओं को 505 करोड़ से ज्यादा की सब्सिडी डीबीटी से वितरित की जा चुकी है। तय प्रक्रिया एवं दस्तावेज अपलोड होने के बाद सब्सिडी मिलने का क्रम सतत जारी है।

कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि कंपनी स्तर पर एवं सर्कल के अधीक्षण यंत्रियों द्वारा इस योजना से जुड़ने वालों के आवेदन एवं जागृति को लेकर दैनिक कार्य किए जा रहे हैं। सतत समीक्षा भी की जा रही हैं। इसी से प्रतिमाह हजारों उपभोक्ता अपने परिसरों में सोलर लगा रहे हैं। शासन की ओर से देय प्रति उपभोक्ता 78 हजार की सब्सिडी का लाभ भी ले रहे हैं। श्री सिंह ने बताया कि योजना अंतर्गत इंदौर जिले में करीब 31 हजार संयंत्र लग चुके हैं। इंदौर के बाद उज्जैन, रतलाम में सबसे ज्यादा संयंत्र लगे हैं।

पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली उपरोक्त योजना में अब तक करीब 240 मैगावॉट क्षमता के सोलर लगाए जा चुके हैं। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना सहित अन्य योजनाओं, परिसर मिलाकर कुल उत्पादन क्षमता 540 मैगावाट हो गई है।

Back to top button