धर्म-अध्यात्म

मां चामुंडा टेकरी के सौंदर्यीकरण के लिए संतों ने किया कलेक्टर का सम्मान

Share

– कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने कहा—माता टेकरी के विकास में नहीं छोड़ेंगे कोई कसर
– मां चामुंडा सेवा समिति का सत्संग भवन में लगेगा सेवा पंडाल, नवरात्रि में चलेगा 24 घंटे भंडारा

देवास। आस्था, सेवा और विकास के संगम मां चामुंडा टेकरी के सौंदर्यीकरण कार्य को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कलेक्टर ऋतुराज सिंह का संतों एवं मां चामुंडा सेवा समिति द्वारा सम्मान किया गया। संत रामनारायण महाराज, संत पूर्णानंद जी महाराज, ब्रह्मकुमारी बहन प्रेमलता दीदी एवं पूर्व सीसीएफ एके जोशी के आतिथ्य में कलेक्टर सिंह का शाल-श्रीफल, चुनरी एवं पुष्पमाला से अभिनंदन किया गया।

‘मां की टेकरी देवास की पहचान है, विकास में कोई कमी नहीं रहेगी’- कलेक्टर
सम्मान के बाद अपने उद्बोधन में कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने कहा कि मां चामुंडा की टेकरी केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि देवास की आस्था, संस्कृति और पहचान का केंद्र है। यहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर सुविधाएं मिलें और टेकरी का स्वरूप और अधिक भव्य एवं आकर्षक बने, इसके लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि टेकरी के सौंदर्यीकरण और विकास में किसी भी स्तर पर कोई कसर बाकी नहीं रखी जाएगी। मां की सेवा का अवसर स्वयं में सौभाग्य है। उन्होंने समिति की 42 वर्षों से चली आ रही निरंतर सेवा भावना की भी सराहना करते हुए कहा कि नवरात्रि में लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के बीच समिति द्वारा 24 घंटे महाप्रसाद की व्यवस्था करना अनुकरणीय सेवा है।

विकास में सभी का है सहयोग-
समिति के रामेश्वर जलोदिया ने कहा कि मां चामुंडा की टेकरी के सौंदर्यीकरण का कार्य केवल विकास का प्रकल्प नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को सम्मान देने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि टेकरी के विकास की जो नींव पूर्व में तत्कालीन कलेक्टर अशोक वर्णवाल, श्रीमती गौरीसिंह, आशुतोष अवस्थी, चंद्रमौली शुक्ला और महेश अग्रवाल आदि ने रखी, उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि वर्तमान में टेकरी पर हो रहे विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रशासन की सक्रिय भूमिका सराहनीय है।

श्री जलोदिया ने टेकरी पर किए जा रहे विकास कार्यों के लिए विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जब प्रशासन, जनप्रतिनिधि, संत समाज और सेवाभावी नागरिक एक साथ किसी धार्मिक और सामाजिक कार्य के लिए आगे आते हैं, तो उसका परिणाम निश्चित रूप से जनकल्याण के रूप में सामने आता है।

नवरात्रि में 24 घंटे भक्तों की सेवा, सत्संग भवन में चलेगा भंडारा-
मां चामुंडा सेवा समिति के सदस्यों ने बताया कि नवरात्रि महापर्व के दौरान सत्संग भवन में श्रद्धालुओं की सेवा के लिए 24 घंटे व्यवस्था जारी रहेगी। समिति की ओर से भक्तों को चाय, खिचड़ी, हलवा, सब्जी-पूड़ी सहित महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। पिछले 42 वर्षों से समिति नवरात्रि के दौरान अनवरत 24 घंटे भक्तों की सेवा करती आ रही है। समिति का कहना है कि मां के दर्शन के लिए देश-प्रदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सेवा कार्य पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जारी रहेगा।

इनकी रही उपस्थिति-
इस अवसर पर समिति के नरेंद्र मिश्रा, रामेश्वर जलोदिया, दिनेश सांवलिया, शिवनारायण पाठक, नारायण व्यास, राजेश गोस्वामी, राधेश्याम पड़ियार, सुशील शिंदे, शशिकांत गुप्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आभार पूर्व सीसीएफ एके जोशी ने माना।

Back to top button