डेढ़ घंटे झमाझम बरसे बदरा, सोयाबीन को मिला जीवनदान; किसानों के चेहरे खिले
सिरोल्या समेत कई गांवों में तेज बारिश से सड़कें जलमग्न, मुख्य मार्ग पर दो फीट तक पानी; कुछ देर आवागमन प्रभावित
सिरोल्या (अमर चौधरी)। लंबे इंतजार के बाद सोमवार दोपहर क्षेत्र में मौसम ने अचानक करवट ली और गरज-चमक के साथ करीब डेढ़ घंटे तक तेज बारिश हुई। दोपहर 12:45 बजे शुरू हुई बारिश करीब 2:15 बजे तक लगातार होती रही।
बारिश से खेतों में खड़ी सोयाबीन की फसल को अच्छी नमी मिली, जिससे किसानों में उत्साह का माहौल है। वहीं तेज बारिश के कारण सिरोल्या की प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं और सुतारखेड़ा मुख्य मार्ग पर आबादी क्षेत्र में करीब दो फीट तक पानी भर गया, जिससे कुछ समय के लिए ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी।
डेढ़ घंटे से अधिक समय तक हुई बारिश से सोयाबीन की फसल को काफी हद तक फायदा मिला है। इसके बाद बारिश रूक-रूककर देर शाम तक होती रही।
हापाखेडा के किसान माखन पटेल, शंकर पटेल, अर्जुन पटेल, सुरेश पटेल, जितेन्द्र पटेल, फिरोज पटेल, शेखर पटेल आदि ने कहा कि यह बारिश फसल के पकने तक कारगर साबित होगी। वहीं रबी फसलों के लिए भी बारिश राहत भरी एवं सोने में सुहागा है। इससे किसानों में हर्ष का माहौल है।
बारिश से सड़कों से पानी बह निकला। सुतारखेड़ा मुख्य मार्ग पर सिरोल्या की आबादी में दो-दो फीट जलभराव होने से ग्रामीणों को कुछ समय के लिए आवाजाही में परेशानी उठाना पड़ी। सिरोल्या सहित भीलाखेड़ा, हापाखेड़ा, सुतारखेड़ा, खतेडिया, कैलोद, बांगरदा आदि गांवों में अच्छी बारिश हुई।



