सूखे की चिंता के बीच राहत बनकर बरसी बारिश, किसानों के खिले चेहरे
गुवाड़ी, रामपुरा और मालीपुरा में तेज बारिश से खेतों को मिला पानी, नदी उफान पर आने से करीब 3 घंटे आवागमन रहा बंद

बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। लंबे इंतजार के बाद सोमवार को क्षेत्र में हुई तेज बारिश ने किसानों के चेहरों पर राहत ला दी।
खासकर ऊपरी क्षेत्र के गुवाड़ी, रामपुरा और मालीपुरा में दोपहर तक हुई झमाझम बारिश से खेतों में खड़ी सोयाबीन और मक्का की फसलों को जरूरी पानी मिल गया। बारिश के बाद किसानों के चेहरे खिल उठे, हालांकि उनका कहना है कि फसलों के लिए अभी आने वाले दिनों में भी अच्छी बारिश की जरूरत बनी हुई है।
अगस्त माह में अपेक्षित बारिश नहीं होने और सितंबर के शुरुआती दिन सूखे निकल जाने से किसान चिंता में नजर आने लगे थे। खेतों में सोयाबीन और मक्का की फसल खड़ी है और इस समय फसल को पानी की विशेष आवश्यकता है। ऐसे में सोमवार को हुई बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई। किसानों का कहना है कि इस बारिश से फिलहाल फसलों को काफी फायदा होगा, लेकिन मौसम का साथ अभी कुछ दिनों तक और मिलना जरूरी है।
तीन घंटे तक उफान पर रही नदी, रास्ता बंद-
सोमवार सुबह करीब 10 बजे हल्की बूंदाबांदी के साथ बारिश की शुरुआत हुई। इसके बाद करीब 11 बजे बारिश ने तेज रूप ले लिया और लगातार दोपहर करीब 3 बजे तक बारिश होती रही। लगातार तेज बारिश के कारण बेहरी की नदी में अचानक पानी बढ़ गया और नदी उफान पर आ गई। इसके चलते करीब तीन घंटे तक मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। रास्ता बंद होने से स्कूली बच्चों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पानी कम होने के बाद ही आवागमन सामान्य हो सका।
कुएं-तालाब अब भी पूरी तरह नहीं भरे-
क्षेत्र में बारिश की स्थिति को लेकर किसानों की चिंता पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। क्षेत्र के कई कुएं, बलराम तालाब सहित छोटे-बड़े तालाब अभी आधे-अधूरे ही भरे हैं। नदी में भी बारिश के दौरान ही पानी का बहाव दिखाई देता है। अगस्त माह में नदी के सूखे नजर आने से क्षेत्र में जल संकट की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता था।

ऐसे में सोमवार की तेज बारिश ने न केवल खेतों को पानी दिया, बल्कि जलस्रोतों में भी कुछ पानी पहुंचाया है। किसानों को उम्मीद है कि आगामी दिनों में भी अच्छी बारिश होती है तो कुएं-तालाबों का जलस्तर बढ़ेगा और खरीफ फसलों को भी पर्याप्त नमी मिल सकेगी।
मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों में तेज बारिश की संभावना जताई है। यदि पूर्वानुमान के मुताबिक बारिश होती है तो किसानों को और राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल सोमवार की बारिश ने सूखे के बीच किसानों को राहत जरूर दी है, लेकिन अच्छी फसल के लिए उनकी नजरें अब आसमान पर टिकी हैं।


