त्योहार से पहले मिलावट पर शिकंजा
देवास-कन्नौद-चापड़ा-खातेगांव में खाद्य विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई

घी, मावा, तेल व मिठाई के लिए नमूने; जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
देवास। आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मिलावट के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जिले में अलग-अलग खाद्य प्रतिष्ठानों पर जांच और नमूना संग्रहण की कार्रवाई करते हुए घी व मावा समेत अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। कार्रवाई के दौरान 64.5 लीटर घी, 42.5 लीटर घी और 48 किलो मावा जब्त किया गया। सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ऋतुराज सिंह के निर्देशानुसार जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा अमानक एवं मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम अंतर्गत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा जिले में निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई की गई।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र ठाकुर ने ईश्वर एजेंसीज देवास से घी का नमूना लेकर 64.5 लीटर घी जब्त किया। इसी प्रकार भदोरिया एजेंसी देवास से घी का नमूना लेकर 42.5 लीटर घी तथा न्यू स्वदेशी स्वीट्स देवास से मावा का नमूना लेकर 48 किलोग्राम मावा जब्त किया गया। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा जयदेव ट्रेडर्स कन्नौद से घी, श्री महाकाल किराना, चापड़ा से मस्टर्ड ऑयल एवं सांची घी, न्यू श्री कृष्णा रेस्टोरेंट, चापड़ा से राजश्री सोहन पपड़ी, श्री अग्रसेन ट्रेडर्स, कन्नौद से अरिहंत घी तथा ओम साईं कृपा दूध डेयरी, खातेगांव से मावा के नमूने लिए गए। सभी खाद्य नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा बताया गया कि जिले में अमानक खाद्य पदार्थों के विरुद्ध 16 प्रकरण एडीएम न्यायालय में दर्ज किए गए हैं। आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, नमूना संग्रहण एवं अमानक/मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। विभाग द्वारा नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं पैकेजिंग संबंधी जानकारी की जांच कर ही खाद्य सामग्री खरीदें।




