ऑल इंडिया परमिट की पांच बसों के परमिट निरस्त करने की अनुशंसा
निर्धारित किराए से अधिक राशि वसूलने और परमिट शर्तों के उल्लंघन पर आरटीओ की कार्रवाई

जांच में बसों में अग्निशमन यंत्र भी नहीं मिले
इंदौर। ऑल इंडिया परमिट की बसों में यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक राशि वसूलने तथा परमिट शर्तों का उल्लंघन कर बसों का संचालन किए जाने की शिकायतों पर परिवहन विभाग द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पांच वीडियोकोच बसों की जांच की गई।
जांच में सभी पांच बसें ऑल इंडिया परमिट होने के बावजूद स्टेट कैरिज के रूप में संचालित पाई गईं। इसके साथ ही बसों में अग्निशमन यंत्र भी उपलब्ध नहीं मिले। अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए परिवहन विभाग ने पांचों बसों के परमिट निरस्त करने की अनुशंसा करते हुए प्रतिवेदन परिवहन आयुक्त कार्यालय को भेजा है।
परिवहन आयुक्त उमेश जोगा एवं कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर आरटीओ प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में उड़नदस्ता टीम द्वारा यह विशेष जांच अभियान संचालित किया गया। जांच के दौरान टीम ने बसों में यात्रा कर रहे यात्रियों से किराए की जानकारी भी प्राप्त की।
इसमें इंदौर-पुणे मार्ग पर संचालित बस में यात्रियों से 800, 1200 और 2100 रुपये तक किराया वसूले जाने की जानकारी सामने आई। इसी प्रकार ठाणे मार्ग पर 1800 से 1900 रुपये, इंदौर-मुंबई मार्ग पर 2000 से 4000 रुपये तथा मूंगावली मार्ग पर 600 से 800 रुपये तक किराया लिया जाना पाया गया। एक बस में दो यात्रियों से कुल 8190 रुपये किराया वसूला गया। मुंबई मार्ग की एक अन्य बस में भी यात्रियों से 1250, 1500 और 2100 रुपये तक अलग-अलग किराया लिया गया था।
जांच के दौरान बसों में अग्नि सुरक्षा के लिए आवश्यक उपकरणों की अनुपलब्धता भी पाई गई। विभागीय जांच में यह स्पष्ट हुआ कि ऑल इंडिया परमिट के अंतर्गत संचालित बसों का स्टेट कैरिज के रूप में उपयोग किया जाना परमिट की शर्तों का उल्लंघन है। यात्रियों की सुरक्षा, निर्धारित किराया व्यवस्था और परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है।
आरटीओ श्री शर्मा ने बताया कि यात्रियों से अधिक किराया वसूलने और परमिट शर्तों के विरुद्ध बसों का संचालन किए जाने की शिकायतों के आधार पर यह अभियान चलाया गया। पांचों बसों के परमिट निरस्त करने के लिए प्रतिवेदन परिवहन आयुक्त कार्यालय को भेजा गया है। उन्होंने बस संचालकों को निर्धारित परमिट शर्तों एवं सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए हैं। परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों की सुरक्षा और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की जांच एवं कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।




