देवउठनी ग्यारस पर बाल-विवाह रोकथाम के लिए कंट्रोल रूम स्थापित
बाल-विवाह की सूचना के लिए 24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम

देवास। देवउठनी ग्यारस एवं विवाह महोत्सव के अवसर पर जिले में विवाह आयोजनों की अधिकता को देखते हुए बाल-विवाह की रोकथाम एवं निगरानी के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। बाल-विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को रोकने के लिए वर्षभर अभियान संचालित किया जाता है।
बाल-विवाह रोकथाम एवं निगरानी के लिए जिला स्तर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के वन स्टॉप सेंटर देवास में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 07272-250126 है, जो 24 घंटे सक्रिय रहेगा। इसके अतिरिक्त परियोजना स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी के माध्यम से बाल-विवाह रोकने एवं निगरानी रखने के लिए संयुक्त दलों का गठन किया गया है। जिले में कहीं भी बाल-विवाह होने की जानकारी मिलने पर आमजन जिला कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 07272-250126, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, डायल-112 एवं महिला हेल्पलाइन 181 पर सूचना दे सकते हैं।
महिला एवं बाल विकास विभाग देवास द्वारा जिले के नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों का विवाह निर्धारित वैधानिक आयु पूर्ण होने के बाद ही करें। विवाह के लिए बालक की आयु 21 वर्ष एवं बालिका की आयु 18 वर्ष निर्धारित है। समाज के प्रत्येक नागरिक से आग्रह है कि बाल-विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा बाल-विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।
बाल-विवाह में सहयोग करने वाले सेवा प्रदाताओं पर भी होगी कार्रवाई-
बाल-विवाह का आयोजन करने वाले व्यक्तियों के साथ-साथ विवाह में सेवाएं प्रदान करने वाले सेवा प्रदाता जैसे टेंट संचालक, घोड़ी वाले, पंडित, काजी, प्रिंटिंग प्रेस संचालक, हलवाई एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों को भी बाल-विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों की जानकारी दी गई है। अधिनियम के अंतर्गत बाल-विवाह में सहयोग करने अथवा उसे संपन्न कराने में भूमिका निभाने वाले दोषियों के विरुद्ध 2 वर्ष तक के कठोर कारावास एवं 1 लाख रुपए तक के जुर्माने का प्रावधान है।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने आमजन, सामाजिक संगठनों एवं विवाह आयोजनों से जुड़े सभी सेवा प्रदाताओं से अपील की है कि वे बाल-विवाह रोकथाम में सहयोग करें तथा बच्चों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए निर्धारित वैधानिक आयु में ही विवाह सुनिश्चित करें।





