प्रशासनिक

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में प्रगति नहीं होने पर संबंधित सचिवों पर होगी कार्रवाई

कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी बैठक आयोजित

Share

श्रम अधिकारी और जनपद पंचायत सीईओ देवास को शोकाज नोटिस के निर्देश

जनपद पंचायत टोंकखुर्द सीईओ का एक दिन का वेतन काटने और अक्षय ऊर्जा अधिकारी की दो वेतन वृद्धि रोकने संबंधी नोटिस के निर्देश

देवास। कलेक्टर ऋतु राज सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा संबंधी लंबित पत्रों के निराकरण की प्रगति एवं अंतरविभागीय समन्वय से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित सचिवों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी टीएल बैठक में सचिवों के विरूद्ध की गई कार्रवाई की जानकारी भी प्रस्तुत करें।

प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना में लापरवाही पर कार्रवाई-
प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने तथा बैठक में बिना अनुमति के अनुपस्थित रहने पर श्रम अधिकारी को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। देवास जनपद में प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना की प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कलेक्टर श्री सिंह ने सीईओ जनपद पंचायत देवास को दो वेतन वृद्धि रोकने संबंधी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार बैठक में बिना अनुमति के अनुपस्थित रहने पर सीईओ जनपद पंचायत टोंकखुर्द का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर श्री सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने विभाग से संबंधित योजनाओं एवं शासकीय कार्यों की नियमित समीक्षा करें और निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करना सुनिश्चित करें। कलेक्टर श्री सिंह ने शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने पर अक्षय ऊर्जा अधिकारी की दो वेतन वृद्धि रोकने संबंधी शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों को कहा कि शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही एवं शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की समीक्षा-
कलेक्टर श्री सिंह ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की विस्तृत समीक्षा करते हुए अब तक रोपे गए पौधों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पौधारोपण के निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने तथा जिले में अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, अभियान के तहत लगाए जा रहे प्रत्येक पौधे की जानकारी एवं फोटो ‘मेरी लाइफ’ पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए। उन्होंने पौधों की सुरक्षा एवं उनके संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

मूंग उपार्जन केंद्रों का लगातार निरीक्षण के निर्देश-
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने मूंग उपार्जन की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के उपार्जन केंद्रों का लगातार निरीक्षण करें तथा किसानों को उपार्जन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।

लंबित शिकायतों के शीघ्र निराकरण के निर्देश-
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने “मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान” की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शुक्रवार को प्राप्त शिकायतों का दो दिवस में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों का निर्धारित अवधि में निराकरण नहीं होने पर दो दिवस बाद उन्हें सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि “मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान” के अंतर्गत प्राप्त एवं निराकृत शिकायतों की समीक्षा प्रत्येक सोमवार को अपर कलेक्टर द्वारा की जाए।

बैठक में नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार, अपर कलेक्टर संजीव जैन, संयुक्त कलेक्टर अंशु जावला, संयुक्त कलेक्टर विशाखा देशमुख, डिप्टी कलेक्टर कन्हैयालाल तिलवारी, डिप्टी कलेक्टर संजीव सक्सेना, डिप्टी कलेक्टर प्रियल यादव, एसीईओ जिला पंचायत एसएस सिंह सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारीगण उपस्थित थे। समय-सीमा बैठक में विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए।

 

Back to top button