होटल-रेस्टोरेंट के पनीर पर खाद्य सुरक्षा विभाग की नजर, उज्जैन में लिए कई सैंपल

उज्जैन। होटल और रेस्टोरेंट में ग्राहकों को परोसे जाने वाले पनीर की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। विभाग की टीम ने मंगलवार को शहर के कई होटल, रिसोर्ट और प्रतिष्ठानों में पहुंचकर पनीर के साथ अन्य खाद्य सामग्री के नमूने लिए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने 11 अगस्त को इंदौर रोड स्थित वराय होटल एंड रिसोर्ट प्रा. लि. से पनीर, तुअर दाल, चावल और गेहूं के आटे के नमूने लिए। इसके अलावा होटल मेघदूत से पनीर और हल्दी पाउडर, महालोक ढाबा से पनीर और सनफ्लावर ऑयल तथा रुद्राक्ष होटल एंड रिसोर्ट्स से पनीर और बेसन के नमूने लिए गए। वहीं एवेन्यू सुपरमार्ट डीमार्ट से पॉपकॉर्न का सैंपल लिया गया।
होटल-रेस्टोरेंट के साथ सप्लायर भी जांच के दायरे में
खाद्य सुरक्षा विभाग का यह अभियान केवल होटल और रेस्टोरेंट तक सीमित नहीं है। जिन डेयरी और अन्य प्रतिष्ठानों से होटल-रेस्टोरेंट को पनीर तथा खाद्य सामग्री की आपूर्ति की जाती है, उनकी भी जांच की जा रही है। विभाग का फोकस बाजार में बिकने वाले दूध और उससे तैयार होने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर है।
भोपाल भेजे सैंपल
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट का इंतजार है। जांच रिपोर्ट में यदि किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई जाती है, तो रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा, मध्यप्रदेश और कलेक्टर, जिला उज्जैन के निर्देशानुसार बाजार में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की निगरानी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है।




