राजनीति

देवास में गूंजा ‘भारत माता की जय’ का जयघोष, हाथों में तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे युवा

‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के पहले दिन चार मंडलों में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, 14 अगस्त तक चलेगा अभियान

Share

देवास। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के तहत रविवार से देवास जिले में देशभक्ति का माहौल नजर आया। अभियान के प्रथम दिन देवास नगर के चार भाजपा मंडलों ने भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली। बड़ी संख्या में युवाओं, पूर्व सैनिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने वाहनों पर हाथों में तिरंगा थामकर यात्रा में भाग लिया। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से शहर का वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो उठा।

भाजपा जिला देवास द्वारा 9 अगस्त से 14 अगस्त तक जिले की विभिन्न नगर पंचायतों सहित 25 मंडलों में तिरंगा यात्रा आयोजित की जा रही है। अभियान की शुरुआत रविवार को सद्गुरु शीलनाथ मंडल से हुई।

महाकालेश्वर मंदिर में पूजन के बाद शुरू हुई यात्रा
तिरंगा यात्रा के शुभारंभ से पहले बिलावली स्थित महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इस दौरान राष्ट्र की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की मंगलकामना की गई। इसके बाद ढोल-ढमाकों और देशभक्ति के नारों के बीच तिरंगा यात्रा रवाना हुई।

यात्रा में भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रायसिंह सेंधव, विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पंवार, महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, सभापति रवि जैन, देवास विधानसभा प्रभारी ओम जोशी, भाजपा तिरंगा यात्रा जिला प्रभारी मनीष जैन सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।

डीजे वाहन और भारत माता के वाहन के साथ निकली यात्रा में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, युवा और भाजपा कार्यकर्ता वाहनों पर तिरंगा लेकर शामिल हुए।

चार मंडलों में निकली तिरंगा यात्रा
देवास विधानसभा क्षेत्र में सद्गुरु शीलनाथ मंडल, मां चामुंडा जूनियर मंडल, श्रीमंत महाराजा मंडल और मां तुलजा भवानी सीनियर मंडल द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में तिरंगा यात्राएं निकाली गईं।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष शुभम चौहान, मधु शर्मा, सुरेश सिलोदिया और देवेंद्र नवगोत्री सहित पार्टी पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया।

यात्राओं में भाजपा जिला महामंत्री राजेश यादव, मनीष सोलंकी, विजय सिंह पंवार, अजा मोर्चा प्रदेश मंत्री संजय दायमा, अजा मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रमोद डोंगलिया, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष मनोरमा सोलंकी, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष बहादुर मुकाती, राजीव खंडेलवाल, महामंत्री नवीन सोलंकी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

25 मंडलों में निकलेगी तिरंगा यात्रा, तय होगी करीब 500 किलोमीटर दूरी
भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रायसिंह सेंधव और तिरंगा यात्रा जिला प्रभारी मनीष जैन ने बताया कि 9 से 14 अगस्त तक जिले के 25 मंडलों में दोपहिया वाहनों से बड़े स्तर पर तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। वहीं नगर पंचायतों में तिरंगा पदयात्राओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूरे जिले में अभियान के तहत निकलने वाली तिरंगा यात्राएं लगभग 500 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी।

इन यात्राओं में समाज के विभिन्न वर्गों के लोग, पूर्व सैनिक, व्यापारी, प्रबुद्धजन, वरिष्ठ नागरिक, विद्यार्थी, खिलाड़ी, युवा, मातृशक्ति और भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे।

14 अगस्त को होगा विभाजन विभीषिका दिवस कार्यक्रम
अभियान के तहत 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस पर केपी कॉलेज में प्रदर्शनी और व्याख्यानमाला का आयोजन किया जाएगा।
भाजपा संगठन ने जिले के नागरिकों और कार्यकर्ताओं से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने की अपील की है। साथ ही तिरंगा यात्राओं में शामिल होकर राष्ट्र के प्रति अपनी भावनाओं को व्यक्त करने का आग्रह किया गया है।

उक्त जानकारी भाजपा मीडिया जिला प्रभारी कमल अहिरवार और सह मीडिया प्रभारी दिनेश सांखला ने संयुक्त रूप से दी।

 

Back to top button