विश्व आदिवासी दिवस पर राहगीरों को पिलाया ठंडा पानी, सेवा के साथ दिया भाईचारे का संदेश

देवास। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश विद्युत मंडल इंदौर-देवास संभागीय आरक्षित वर्ग अधिकारी कर्मचारी संघ ने सामाजिक सरोकार की पहल करते हुए इंदौर के टंट्या भील चौराहा, भंवरकुआं पर निःशुल्क पेयजल वितरण किया।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में राहगीरों और आमजन को संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने शीतल पेयजल उपलब्ध कराया।

टंट्या भील चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में जनसैलाब को देखते हुए संगठन के सदस्यों ने लोगों की सुविधा के लिए पेयजल वितरण की व्यवस्था संभाली। राहगीरों को रोककर ठंडा पानी पिलाया गया। गर्मी और भीड़भाड़ के बीच राहगीरों को राहत देने वाली इस पहल में संगठन के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति और संघर्ष को याद करने के साथ ही सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने का अवसर भी है। इसी भावना के साथ संगठन द्वारा जनसेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़ी गतिविधि के रूप में पेयजल वितरण किया गया।
कार्यक्रम में संगठन के संरक्षक गजरा मेहता, प्रांतीय अध्यक्ष इंजीनियर सूर्यदेव जयसिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगदीश अस्ताया, कार्यकारी सदस्य मधुराज सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
संबंधित खबर: पानीगांव में आदिवासी दिवस पर गूंजे भारत माता की जय के नारे
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के सभी वर्गों के प्रति सेवा, सम्मान और सहयोग की भावना को मजबूत करना जरूरी है। संगठन भविष्य में भी सामाजिक एवं जनहितकारी गतिविधियों के माध्यम से अपनी जिम्मेदारी निभाता रहेगा। कार्यक्रम के दौरान आमजन को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं भी दी गईं।
यह भी पढ़ें: आदिवासी परिवारों के लिए आजीविका का साधन भी है चारौली




