शिक्षा

40 साल पढ़ाने वाले गुरुजी की ऐसी विदाई, बग्गी में बैठाकर पूरे गांव ने निकाला सम्मान जुलूस

पटाड़िया नजदीक गांव में अनोखा सम्मान, सेवानिवृत्त प्रभारी प्राचार्य गंगाराम मालवीय के स्वागत में उमड़ा पूरा गांव

Share

पीपलरावां। जिस शिक्षक ने चार दशक तक हजारों विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षा की रोशनी फैलाई, उसकी विदाई भी कुछ अलग और यादगार रही।

देवास जिले के पटाड़िया नजदीक गांव में शासकीय हाई स्कूल के प्रभारी प्राचार्य गंगाराम मालवीय के सेवानिवृत्त होने पर ग्रामीणों ने उन्हें बग्गी में बैठाकर पूरे गांव में सम्मान यात्रा निकाली। फूल-मालाओं और आत्मीय अभिनंदन के बीच निकला यह जुलूस हर किसी को भावुक कर गया।

ये भी पढ़ें: 40 वर्षों की सेवा के बाद शिक्षक विष्णु पटेल सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त, भावुक माहौल में दी गई विदाई

गंगाराम मालवीय ने 5 दिसंबर 1986 को शासकीय प्राथमिक विद्यालय पोखर खुर्द (कन्नौद) से सहायक शिक्षक के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी। लगभग 40 वर्षों तक विभिन्न विद्यालयों में अपनी निष्कलंक सेवाएं देने के बाद वे शासकीय हाई स्कूल पटड़िया में उच्च श्रेणी शिक्षक एवं प्रभारी प्राचार्य के रूप में सेवानिवृत्त हुए। अपने शांत स्वभाव, अनुशासन और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण के कारण वे विद्यार्थियों, अभिभावकों और सहकर्मियों के बीच विशेष सम्मान के पात्र रहे।

ये भी पढ़ें: जहां बचपन में पढ़े, वहीं 40 साल पढ़ाया… फिर पूरे सम्मान के साथ ली सेवानिवृत्ति

सेवानिवृत्ति समारोह में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सज्जन सिंह मालवीय ने कहा कि गंगाराम मालवीय ने पूरे सेवाकाल में हर परिस्थिति में ईमानदारी और निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। उन्होंने कहा, “वे उस दीपक की तरह हैं, जो स्वयं जलकर पूरे परिसर को रोशन करता है।”

एडीपीसी अर्जुन मालवीय ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें गंगाराम मालवीय के साथ करीब दो वर्ष तक कार्य करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि उनके लिए विद्यालय केवल नौकरी नहीं, बल्कि साधना और तपस्या था। विद्यार्थियों को समझने की उनकी कला और धैर्य आज के शिक्षकों के लिए प्रेरणा है।

ये भी पढ़ें: शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, जीवन पर्यंत ज्ञान अर्जन में लगा रहता है- श्रीमती निगम

इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से वरिष्ठ शिक्षिका तरुणा रायकवार, शिक्षक जितेंद्र नवगोत्री सहित अन्य शिक्षकों ने अभिनंदन पत्र भेंट कर उनका सम्मान किया। अभिनंदन पत्र का वाचन सेवानिवृत्त शिक्षक फारुख खान ने किया।

ये भी पढ़ें: कर्मचारी का रिटायरमेंट एक सरकारी प्रक्रिया है, लेकिन समाजसेवा और देश सेवा करने का बेहतर अवसर – श्री व्यास 

समारोह में मदनलाल मकवाना, प्राचार्य शिवेश धाकड़, प्राचार्य मधुसूदन धाकड़, अनोखीलाल मालवीय, रोटरी क्लब सोनकच्छ के पूर्व अध्यक्ष सोभागसिंह ठाकुर, प्रहलाद बीजोनिया, मुकेश राय, अंकुर गोयल, रूपसिंह मकवाना, जयंत मकवाना, पूरणलाल सोलंकी, रमेशचंद्र सिंदल, दीराज सिंह, पिरूलाल मालवीय, संतोष परमार, विक्रमसिंह परमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षा विभाग के अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन फारुख खान एवं रामेश्वर गहलोत ने किया, जबकि आभार डॉ. रायसिंह परमार ने व्यक्त किया।

Back to top button