देवास में शिवराज सिंह चौहान का ऐतिहासिक स्वागत, 156 मंचों पर हुआ अभिनंदन

देवास। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के देवास आगमन पर जिले की तीनों विधानसभाओं में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया।
चौहान दिशा समिति की बैठक में शामिल होने के लिए देवास पहुंचे। उनके आगमन पर सबसे पहले सोनकच्छ विधानसभा क्षेत्र के सरदारपुर (सरदी) क्षेत्र में भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रायसिंह सेंधव एवं सोनकच्छ विधायक राजेश सोनकर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा एवं माल्यार्पण कर उनका आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात सोनकच्छ विधानसभा के अनेक गांवों में भी कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक उनका अभिनंदन किया।
इसके बाद हाटपिपल्या विधानसभा क्षेत्र में विधायक मनोज चौधरी के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों पर केन्द्रीय मंत्री चौहान का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने उनका अभिनंदन कर विकास कार्यों के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया।

देवास विधानसभा क्षेत्र में विधायक गायत्री राजे पवार एवं विक्रमसिंह पवार के नेतृत्व में स्वागत की व्यवस्था की गई। पूरे विधानसभा क्षेत्र में 156 स्वागत मंच स्थापित किए गए, जहां कार्यकर्ताओं ने पुष्पहार पहनाकर, पुष्पवर्षा कर एवं जयघोष के साथ अपने नेता का आत्मीय स्वागत किया। स्वागत यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर उत्साह और जनसमर्थन का अभूतपूर्व वातावरण देखने को मिला।
स्वागत कार्यक्रमों के उपरांत शिवराज सिंह चौहान जिला प्रशासन द्वारा आयोजित दिशा समिति की बैठक में शामिल हुए। बैठक में उन्होंने राज्य व केन्द्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कमल अहिरवार ने दी।
ये भी पढ़ें: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘दिशा’ की बैठक में कृषि आधुनिकीकरण और विकास योजनाओं की समीक्षा की




