दिवंगत पूर्वजों की स्मृति में लगाएं पौधे, यही सच्ची श्रद्धांजलि : गायत्री परिवार
शिलनाथ धूनी गुफा आश्रम परिसर में गायत्री महामंत्र के साथ हुआ पौधारोपण, जन्मदिन और विवाह वर्षगांठ पर भी पौधे लगाने का दिया संदेश

देवास। पर्यावरण संरक्षण के साथ दिवंगत पूर्वजों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने का संदेश देते हुए अखिल विश्व गायत्री परिवार ने शिलनाथ धूनी गुफा आश्रम परिसर में पौधारोपण अभियान चलाया।
गायत्री महामंत्र के सामूहिक उच्चारण के बीच औषधीय, फलदार एवं छायादार पौधे रोपे गए। इस अवसर पर परिजनों से हर शुभ अवसर पर पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।
अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में चल रहे पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत टेकरी स्थित शिलनाथ धूनी गुफा आश्रम परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संत माधवानंद गिरी के नेतृत्व में गायत्री परिवार के सृजन सैनिकों ने गायत्री महामंत्र के उच्चारण के साथ औषधीय, फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया।

गायत्री परिवार के मीडिया प्रभारी विक्रमसिंह चौधरी ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को प्रकृति से जोड़ना और पौधों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
शिलनाथ धूनी गुफा आश्रम के संचालक संत माधवानंद गिरी ने कहा, “गायत्री परिवार वर्षों से टेकरी परिसर में पौधारोपण कर रहा है। उस समय लगाए गए पौधे आज विशाल वृक्ष बनकर लोगों को छाया और शुद्ध वातावरण दे रहे हैं। प्रत्येक व्यक्ति यदि हर वर्ष एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो पर्यावरण संरक्षण का बड़ा लक्ष्य आसानी से पूरा किया जा सकता है।”
ये भी पढ़ें: भारत की संस्कृति देव संस्कृति है और इसके द्वारा ही विश्व जगत गुरु बनेगा- गायत्री परिवार
युवा प्रकोष्ठ जिला समन्वयक प्रमोद निहाले एवं योग प्रशिक्षक देवकरण कुमावत ने कहा कि दिवंगत पूर्वजों की स्मृति में पौधे लगाना सबसे श्रेष्ठ श्रद्धांजलि है। पौधे जीवंत स्मृतियों के रूप में पीढ़ियों तक बने रहते हैं। जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य शुभ अवसरों पर भी पौधारोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में चंद्रिका शर्मा, लक्ष्मण पटेल, मंजू पटेल, उषा कुमावत, कामना पटेल, सचिन पटेल, संगीता हिरवानी, मोहनलाल सोनी, बाबूलाल चौहान, राजेंद्र मुकाती सहित बड़ी संख्या में गायत्री परिवार के परिजन उपस्थित रहे।




