प्रशासनिक

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर डीएसओ को जारी किया निलंबन नोटिस: 3 दिन में मांगी लंबित शिकायतों की विस्तृत रिपोर्ट

Share

 

 

जिला अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों के निराकरण के लिए मुख्यालय से समन्वय और फॉलोअप के दिए निर्देश

देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने सीएम हेल्पलाइन पर विभिन्न विभागों की लंबित शिकायतों की समीक्षा कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित बैठक में की।

बैठक में नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार, संयुक्त कलेक्टर अंशु जावला सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने विभागों द्वारा शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने पर सख्त रुख अपनाया।

खाद्य विभाग की समीक्षा के दौरान यह बात सामने आई कि पूर्व में आयोजित बैठकों में भी जिला आपूर्ति अधिकारी को सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद विभाग स्तर पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। वर्तमान में खाद्य विभाग की 500 से अधिक शिकायतें सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर लंबित हैं, जिसे कलेक्टर श्री सिंह ने अत्यंत गंभीरता से लेकर डीएसओ दिनेश अहिरवार को सीएम हेल्पलाइन को पूरी गंभीरता से लेने की सख्त हिदायत दी।

उन्होंने निर्देश दिए हैं कि विभाग की सभी लंबित शिकायतों का विश्लेषण कर आगामी 3 दिनों में पूरी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में गंभीर लापरवाही बरतने पर जिला आपूर्ति अधिकारी श्री अहिरवार को निलंबन संबंधी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।

बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि गुड गवर्नेंस का असली मतलब नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और संतुष्टिपूर्ण निराकरण करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो शिकायतें तकनीकी या नीतिगत कारणों से लंबे समय से लंबित हैं, उनके समाधान के लिए सीधे वरिष्ठ मुख्यालय स्तर पर बात की जाए। इसके साथ ही केवल निराकरण दर्ज करना काफी नहीं है, बल्कि उसका धरातल पर लगातार फॉलोअप भी लिया जाए। कलेक्टर श्री सिंह ने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में ढिलाई बरतने वाले अन्य अधिकारियों को भी सचेत किया कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समीक्षा बैठक में पाया गया कि नगर परिषदों में अतिक्रमण की शिकायतें लंबित हैं। इस पर कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि नगरीय निकाय क्षेत्र में जहां भी अतिक्रमण की शिकायत हैं वहां पर से अतिक्रमण हटाकर शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करें। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने नगर परिषदों के सीएमओ को वीसी में नहीं जुड़ने पर नाराजगी व्यक्त की और कहा कि यह गंभीर लापरवाही है। अधिकारीगण यह सुनिश्चित करें कि बैठक में अनिवार्य रूप से आएं अथवा वीसी के माध्यम से जुड़े।

बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि सभी नगर परिषदों के सीएमओ को सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों को प्राथमिकता के साथ निराकृत करें। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न करें, अन्यथा अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर श्री सिंह सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का त्वरित निराकरण करें। उन्होंने कहा कि शिकायतें 50 दिवस से ऊपर जा रही जा रही है, यह ठीक स्थिति नहीं है। यह घोर लापरवाही की श्रेणी में आता है। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का शीघ्र निराकरण करें। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नामांतरण संबंधी जो भी शिकायतें हैं, उनकी जांच कर उनका निराकरण शीघ्र करें।

Back to top button