‘दादा’ कहकर घर में घुसा, गले से झपटी डेढ़ लाख की चेन… 24 घंटे में पुलिस ने दबोचे दोनों आरोपी

76 वर्षीय बुजुर्ग को बनाया था निशाना, ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ के सीसीटीवी नेटवर्क ने खोला राज, सोने की चेन भी बरामद।
देवास। शहर की कॉलाेनी में दिनदहाड़े 76 वर्षीय अकेले रहने वाले बुजुर्ग से हुई डेढ़ लाख रुपए की सोने की चेन लूट का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया।
‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ के तहत जनसहयोग से लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची और दोनों को गिरफ्तार कर लूटी गई चेन भी बरामद कर ली। इस पूरे मामले की जानकारी शनिवार को प्रेसवार्ता में एसपी पुनीत गेहलोत ने दी।

दादा कहकर बुलाया और झपट ली चेन
24 जून को आदर्श नगर सेक्टर-बी, गायत्री शक्तिपीठ के सामने रहने वाले 76 वर्षीय बंशीधर बरोनिया ने थाना कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वे वृद्ध हैं और घर पर अकेले रहते हैं। दोपहर करीब 3.45 बजे प्रेम पंचोली, जो कभी-कभी उनके घर टिफिन पहुंचाने आता है, ने उनसे कहा कि आज मुख्य गेट पर ताला नहीं लगाना। बुजुर्ग ने उसकी बात मान ली।
करीब 4.30 बजे जब वे बाथरूम में थे, तभी एक युवक घर का गेट खोलकर अंदर आ गया और ‘दादा… दादा…’ कहकर आवाज लगाने लगा। जैसे ही बुजुर्ग बाथरूम से बाहर निकले, आरोपी उनके पास पहुंचा और गले में पहनी सोने की चेन झपटकर मौके से फरार हो गया।
एसपी के निर्देश पर बनीं दो विशेष टीमें
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। थाना प्रभारी कोतवाली श्यामचन्द्र शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया तथा ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ के तहत शहरभर में जनसहयोग से लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
सीसीटीवी फुटेज बनी सबसे बड़ा सबूत
कैमरों में घटना के बाद आरोपियों का भागना स्पष्ट दिखाई दिया। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चेन लूट की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने प्रेम पंचोली को भी आरोपी बनाया है, उसी ने चेन लूटने वाले आरोपियों को सूचना दी थी कि दादा वरिष्ठ नागरिक है और घर पर दोपहर के वक्त अकेले रहते हैं।
डेढ़ लाख की चेन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.50 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन बरामद कर ली है। चेन मिलने की खुशी में वृद्ध ने पुलिस का आभार माना।
गिरफ्तार आरोपी
जयराज कुमरे (30 वर्ष) एवं धनराज कुमरे (50 वर्ष)। दोनों आरोपी गजरा गियर्स झुग्गी-झोपड़ी, देवास के निवासी हैं।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी श्यामचन्द्र शर्मा, उप निरीक्षक जीवन भिडोरे, प्रधान आरक्षक सुनील देथलिया, मनोज पटेल, आरक्षक वैभव मंडलोई, सुजीत, नवीन पटेल तथा साइबर सेल प्रभारी प्रधान आरक्षक शिवप्रताप सिंह सेंगर और सचिन चौहान की सराहनीय भूमिका रही।
चेन लूट व चोरी से संबंधित ये खबरें भी पढ़ें;
देवास पुलिस ने किया चेन स्नेचिंग की घटना का पर्दाफाश
पुलिस बनकर महिला से सोने की चेन ठगी करने वाला गिरफ्तार
सूनसान इलाकों में पैदल घूमने वाली महिलाओं से छीनते थे चेन, मंगलसूत्र




