देवास में अवैध शराब पर आबकारी का शिकंजा, 23 प्रकरण दर्ज
237 पाव देशी शराब और 755 किलो महुआ लाहन जब्त, जिलेभर में एक साथ दी दबिश

देवास। देवास जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ आबकारी विभाग ने सोमवार को व्यापक कार्रवाई की। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक अलग-अलग टीमों ने दबिश देकर आबकारी अधिनियम के तहत 23 प्रकरण दर्ज किए।
कार्रवाई में देशी शराब, हाथ भट्टी की कच्ची मदिरा, बीयर और महुआ लाहन सहित करीब 1.20 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई।

शहर से गांवों तक पहुंचीं आबकारी की टीमें-
कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशन और जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया के मार्गदर्शन में गठित टीमों ने जिले के सभी आबकारी वृत्तों में गश्त और दबिश दी। देवास शहर के अंबेडकर नगर, कालूखेड़ी स्थित फैमिली ढाबा, राजकुमार ढाबा, नागूखेड़ी, मक्सी रोड स्थित दा साहब का ढाबा तथा ग्राम सिया के नेशनल हाईवे ढाबा और महाकाल ढाबा सहित विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की गई।

इसके अलावा सोनकच्छ, बरखेड़ा, सन्नोड, पटाड़ी, बागली, कन्नौद, पानीगांव, खातेगांव, नेमावर, विक्रमपुर, हरणगांव और टोंकखुर्द सहित अन्य क्षेत्रों में भी आबकारी टीमों ने गश्त कर दबिश दी।
आबकारी विभाग की कार्रवाई के दौरान कुल 23 प्रकरण आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत दर्ज किए गए। जब्त सामग्री में देशी मदिरा प्लेन के 237 पाव, हाथ भट्टी की 97 लीटर कच्ची मदिरा, बीयर के 31 कैन और 755 किलोग्राम महुआ लाहन शामिल हैं। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य 1 लाख 20 हजार रुपये बताया गया है।
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी नीलेश पवार सहित आबकारी उपनिरीक्षक प्रेम यादव, कैलाश जामोद, गोकुल प्रसाद मेघवाल, राजश्री खन्ना, रोहित मुकाती, योगेंद्र सिंह ठाकुर, पूजा गहलोत, अरविंद सोलंकी और राजाराम रैकवार, आबकारी मुख्य आरक्षक बालकृष्ण जायसवाल, शंकरलाल परते, राजेश जोशी, सुरेंद्र वर्सी, विकास गौतम, अरविंद जिनवाल, गीतेश पंडाग्रे, दीपक तटवाड़े, गोविंद बड़वाडिया तथा आबकारी आरक्षक निहाल खत्री, आशीष गुप्ता, सनत ओझा, निकिता परमार और सविता धाकड़ के साथ नगर सैनिक किशोर सिसोदिया ने भी कार्रवाई में भाग लिया।
विभाग के अनुसार, जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, विक्रय और परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।



