आपका शहर

समाजसेवा और धार्मिक चेतना के प्रेरणास्रोत सेठ मन्नूलाल गर्ग का निधन

Share

 

देवास। शहर के वरिष्ठ समाजसेवी, धर्मप्रेमी एवं अनुशासित जीवन के लिए पहचाने जाने वाले सेठ श्री मन्नूलाल गर्ग का शनिवार को निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही समाजजनों, व्यापारिक वर्ग और शहरवासियों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके जीवन को सेवा, सादगी, धार्मिक आस्था और सामाजिक समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण माना जाता रहा है।

स्व. मन्नूलाल गर्ग समाजसेवी व कॉलोनाइजर दीपक गर्ग के पिता थे। वे जयेश एवं हितेश के दादाजी तथा प्रकाश, विजय और जय के ताऊजी थे। उनकी वैकुंठ यात्रा रविवार, 28 जून को प्रातः 10:30 बजे उनके निवास, देवीवास मिश्रीलाल नगर से निकलेगी।

स्व. गर्ग का संपूर्ण जीवन अनुशासन, धार्मिक आस्था और परोपकार को समर्पित रहा। उन्होंने समाज में धार्मिक एवं आध्यात्मिक चेतना के प्रसार के लिए अनेक प्रसिद्ध संतों के प्रवचन, श्रीमद्भागवत कथा एवं अन्य धार्मिक आयोजनों का सफल आयोजन कराया। समाजहित के कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी और सहयोगी स्वभाव ने उन्हें शहर में विशिष्ट पहचान दिलाई।उनके सादगीपूर्ण व्यक्तित्व, विनम्र व्यवहार और सेवा भावना को लंबे समय तक याद किया जाएगा।

उनके निधन पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

 

Back to top button