शरद पूर्णिमा पर एक हजार से अधिक लोगों ने ली दमा-श्वांस की निःशुल्क औषधि
25 वर्षों से जारी है औषधि वितरण की परंपरा, दूसरे शहरों में रहने वाले लोग भी देवास से मंगवाते हैं दवा

देवास। शरद पूर्णिमा पर दमा, श्वांस और एलर्जी से राहत के उद्देश्य से आरोग्य पॉलीक्लिनिक द्वारा जैन मिलन के सहयोग से निःशुल्क औषधि वितरण शिविर आयोजित किया गया।
रविवार रात 11 बजे से एबी रोड स्थित मैना श्री कॉम्प्लेक्स में खीर के साथ औषधि वितरित की गई। शिविर में एक हजार से अधिक लोगों ने पहुंचकर औषधि प्राप्त की। पिछले 25 वर्षों से जारी इस आयोजन में देवास के साथ आसपास के क्षेत्रों और दूसरे शहरों के लोग भी लाभ लेने पहुंचते हैं।
शिविर संयोजक एवं वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. प्रमोद जैन ने बताया कि देवास के अलावा उज्जैन, ग्वालियर, पुणे, बेंगलुरु, दिल्ली और गुरुग्राम सहित विभिन्न शहरों में रहने वाले लोगों के परिजन और परिचित भी यहां से औषधि लेकर जाते हैं। कई लोग शरद पूर्णिमा से पहले ही अपने परिचितों के माध्यम से दवा मंगवा लेते हैं। रात में शिविर में नहीं पहुंच पाने वाले लोगों के लिए औषधि की पुड़िया देने की व्यवस्था भी की गई थी।
पूजन के साथ हुआ औषधि वितरण का शुभारंभ-
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी मनोज राजानी और दिगंबर जैन महावीर धाम ट्रस्ट के संरक्षक एवं जैन रत्न नीलेश जैन छाबड़ा उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने औषधि वितरण कर शिविर की शुरुआत की। वे पिछले 25 वर्षों से आयोजित इस कार्यक्रम के नियमित लाभार्थियों में शामिल हैं।
अतिथियों का स्वागत जैन मिलन देवास के अध्यक्ष अनिल जैन, मंत्री पारस जैन, पूर्व अध्यक्ष आरसी जैन, नवीन जैन और केसी जैन ने किया। अतिथियों ने आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण प्रदूषण के मौजूदा दौर में दमा, श्वांस और एलर्जी जैसी समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है।
शिविर में देवास-शाजापुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी भी पहुंचे। उन्होंने औषधि वितरण कार्यक्रम और उससे संबंधित जानकारी प्राप्त की। सांसद ने आयोजन की प्रशंसा करते हुए आयोजकों को साधुवाद दिया।

डॉ. प्रमोद जैन ने औषधि लेने की विधि और आवश्यक परहेज के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जिन लोगों को दमा, श्वांस या एलर्जी के कारण बार-बार सर्दी-खांसी की परेशानी होती है, वे प्रत्येक पूर्णिमा पर औषधि लेने के संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। औषधि आरोग्य पॉलीक्लिनिक, मैना श्री कॉम्प्लेक्स से निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है।
जैन मिलन के सदस्यों ने दिया सहयोग-
कार्यक्रम में देवेंद्र तकझरे, विनोद माहेश्वरी, दीपक कसेरा, गौतम दास और विजय सिंह पंवार का विशेष सहयोग रहा। आयोजन को सफल बनाने में जैन मिलन के वरिष्ठ सदस्य विनोद जैन, अधिवक्ता राकेश जैन, योगेंद्र जैन, राकेश सनावद, अनुभव जैन, रितेश जैन, आलोक जैन, धर्मचंद जैन, नीरज जैन, अनुज जैन और डॉ. अक्षय जैन सहित अन्य सदस्यों ने योगदान दिया।

महिला जैन मिलन की अध्यक्ष मंजू जैन, मंत्री अर्पणा जैन तथा अलका जैन, स्वर्णलता जैन, उषा जैन, मोनिका जैन और सारिका जैन सहित अन्य सदस्यों ने भी आयोजन में सहयोग किया।



