केमिकल से बनाई थी नकली शराब, लाइसेंसी शराब की पेटियों में मिलाकर चंदाना-बिंजाना में बेची
आरोपियों से पूछताछ में हुआ खुलासा, इंदौर के लोहा मंडी और दवा बाजार स्थित गोदाम-कार्यालय सील करने पुलिस टीम रवाना

नकली शराब बनाने में आरोपी ने ली AI की मदद, कई बार जानकारी जुटाई थी
देवास। चंदाना-बिंजाना क्षेत्र में अवैध शराब विक्रय के मामले की जांच के दौरान केमिकल से नकली शराब बनाने और उसे लाइसेंसी शराब की पेटियों में मिलाकर बेचने का मामला सामने आया है।
आरोपियों ने केमिकल में पानी मिलाकर लाइसेंसी शराब जैसी दिखने वाली बोतलें तैयार की और उन्हें असली शराब की पेटियों में मिलाकर क्षेत्र में बेचा था।
थाना कोतवाली ने गत दिवस अवैध रूप से शराब के विक्रय करने के मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में केमिकल युक्त शराब बनाने का मामला सामने आया है। आरोपी नकली शराब बनाकर चंदाना-बिंजाना क्षेत्र में खपा रहे थे। पूछताछ में मुख्य आरोपी ने AI की मदद से शराब घर पर बनाने की प्रक्रिया के बारे में कई जानकारी जुटाई और संबंधित केमिकल मंगाया। आरोपी 27-28 सितंबर से इस कार्य मे जुटा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी अजय राठौर निवासी पुर्वाडादाई इंदौर ने अन्य गिरफ्तार आरोपियों के साथ मिलकर केमिकल युक्त शराब का निर्माण एवं विक्रय किया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 1 अक्टूबर को महावीर मार्केट लोहा मंडी इंदौर स्थित गोडाउन से केमिकल मंगवाया था। जिसे दवा बाजार इंदौर स्थित गोडाउन संचालक के कार्यालय से बुक किया था। इसके बाद पुर्वाडादाई गांव स्थित अजय राठौर के मकान तथा साथी गोविंद के लोहार पिपल्या स्थित मकान में केमिकल में पानी मिलाकर लाईसेंसी शराब जैसी दिखने योग्य बोतलें तैयार की। कबाड़ियों से शराब की खाली बोतलें खरीदी थी। इनमें तैयार की हुई नकली शराब भरी।
आरोपियों ने क्षिप्रा एवं भाड़ा पिपल्या स्थित वाइन शाप से लाइसेंसी शराब की पेटियां अवैध तरीके से चंदाना-बिंजाना क्षेत्र में विक्रय करवाई। इस दौरान केमिकल से बनी शराब की बोतल कुछ-कुछ मात्रा में पेटियों में मिलाई गई।
प्राथमिक पूछताछ में 6-7 अक्टूबर से 11-12 अक्टूबर के मध्य नकली शराब विक्रय करने के तथ्य सामने हैं। कोतवाली पुलिस ने प्रकरण में धारा 49-क आबकारी अधिनियम का इजाफा किया है। इंदौर के लोहा मण्डी स्थित गोडाउन एवं दवा बाजार स्थित ऑफिस को सील करने के लिए टीम रवाना हो चुकी है।
ये भी पढ़ें: चंदाना का अवैध शराब विक्रेता गिरफ्तार, 9 अन्य आरोपी भी पकड़े



