मानसून: जिले में 5 इंच से ज्यादा बारिश, किसानों ने बोवनी शुरू की

देवास। जिले में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। अब तक जिले में 5 इंच से अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है, जिससे किसानों के चेहरे खिल उठे हैं।
झमाझम बारिश के बाद खेतों में बोवनी तेज हो गई है, वहीं सूख चुके कई ट्यूबवेलों में भी दोबारा पानी आने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल मौसम सुहावना बना रहेगा।
देवास में गुरुवार दोपहर शहर में झमाझम बारिश हुई, जो शाम तक हल्की फुहारों के रूप में जारी रही। अच्छी बारिश के बाद शुक्रवार सुबह मौसम साफ रहा और धूप भी निकली। जिले में अब तक कुल 137.67 मिमी (5 इंच से अधिक) वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जबकि देवास शहर में बारिश का आंकड़ा 95 मिमी तक पहुंच गया है और जल्द ही 4 इंच के करीब पहुंचने की संभावना है।
लगातार हो रही बारिश का सबसे बड़ा फायदा किसानों को मिला है। खेतों में बोवनी का काम तेजी से शुरू हो गया है। वहीं कई ऐसे ट्यूबवेल, जिनमें पानी कम हो गया था, अब दोबारा रिचार्ज होकर पानी देने लगे हैं। बारिश से वातावरण में ठंडक घुल गई है और लोगों को उमस से राहत मिली है।
इंटरनेट वेदर रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वातावरण में औसत आर्द्रता (उमस) लगभग 69 प्रतिशत रहेगी।
पिछले 24 घंटे में दर्ज बारिश (मिमी):
देवास 19, टोंकखुर्द 42, सोनकच्छ 47, हाटपिपल्या 4, बागली 3, उदयनगर 45, कन्नौद 4 और सतवास 11 मिमी।
मानसून सत्र में अब तक हुई बारिश (मिमी):
देवास 95, टोंकखुर्द 138, सोनकच्छ 107, हाटपिपल्या 132, बागली 137, उदयनगर 145, कन्नौद 76, सतवास 140 और खातेगांव 269 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।
जिले में इस मानसून सीजन में अब तक 137.67 मिमी औसत बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में केवल 78 मिमी वर्षा हुई थी। इस बार सामान्य से बेहतर शुरुआत ने किसानों और आम लोगों में राहत की उम्मीद बढ़ा दी है।




