धर्म-अध्यात्म

नेवरी फाटा धाम में एकादशी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, खाटू श्याम दरबार में गूंजे भजन, 2 क्विंटल खिचड़ी प्रसाद वितरित

Share

 

श्रद्धालुओं ने कराया तुलादान, देर रात तक चला भजन-कीर्तन

भौंरासा (मनोज शुक्ला)। जिले के नेवरी फाटा स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर धाम में एकादशी पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। बाबा श्याम के दर्शनों के लिए सुबह से ही हजारों श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

भजन-कीर्तन, ज्योत दर्शन, महाआरती, तुलादान और खिचड़ी प्रसाद वितरण जैसे धार्मिक आयोजनों ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया। देर रात तक श्याम नाम की गूंज के बीच भक्तों ने बाबा के चरणों में अपनी आस्था अर्पित की।

श्री खाटू श्याम मंदिर नेवरी फाटा धाम में एकादशी महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर हजारों श्याम भक्तों ने बाबा के दर्शन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का आवागमन शुरू हो गया था। दर्शन के लिए मंदिर के पट पूरे दिन खुले रहे, जिससे दूर-दूर से पहुंचे भक्तों ने बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई।

कार्यक्रम के तहत सुबह 8:30 बजे एवं शाम 7:30 बजे महाआरती का आयोजन हुआ। वहीं शाम 7 बजे से ज्योत दर्शन प्रारंभ हुए, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया।

रात 8 बजे से भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। कीर्तन में भजन गायिका गुनगुन-गुंजन तिवारी सिस्टर्स (शाहगंज) तथा जितेंद्र चावड़ा (नेवरी फाटा) ने एक से बढ़कर एक श्याम भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों पर श्याम प्रेमी देर रात तक झूमते और नृत्य करते रहे। पूरे मंदिर परिसर में “हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा” के जयघोष गूंजते रहे।

इस बार एकादशी आयोजन की विशेष आकर्षण तुलादान रहा। करीब 15 श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में तुलादान कराया। वहीं कई श्रद्धालुओं ने अपने परिजनों और रिश्तेदारों को आमंत्रित कर मान उतारी तथा परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना के लिए विशेष पूजा-अर्चना की।

ज्योत सेवा विनोद पटेल नराना द्वारा तथा श्रृंगार सेवा राजवीर (विराट) परिहार, जलोदिया पंथ देपालपुर द्वारा संपन्न की गई। प्रसाद वितरण की सेवा दौलत यादव कुलाला ने निभाई। श्रद्धालुओं के लिए श्री श्याम मंदिर समिति नेवरी फाटा धाम की ओर से लगभग 2 क्विंटल साबूदाना खिचड़ी का विशाल भंडारा आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम में क्षेत्र सहित आसपास के गांवों और शहरों से पहुंचे सैकड़ों श्याम प्रेमियों ने भाग लिया। आयोजन के सफल संचालन पर श्री श्याम मंदिर समिति ने सभी सेवाभावियों, दानदाताओं एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए बाबा श्याम की कृपा सभी पर बनी रहने की कामना की।

 

Back to top button