मक्सी बायपास पर दर्दनाक हादसा, डंपर की चपेट में आने से महिला की मौत

पत्नी के शव से लिपटकर रोता रहा पति, मासूम बेटे के सिर से उठा मां का साया
देवास (ओमप्रकाश सेन)। देवास के मक्सी बायपास पर बुधवार हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे अस्पताल परिसर को गमगीन कर दिया।
राजगढ़ जिले के राजपुरा गांव की रहने वाली 25 वर्षीय श्वेता चौहान की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि पति हेमंत चौहान और साढ़े चार साल का बेटा राजवर्धन हादसे में घायल हो गए।
संबंधित खबर: मक्सी टोल गेट के समीप भीषण दुर्घटना, तीन की मौत
जानकारी के अनुसार हेमंत चौहान अपनी पत्नी श्वेता और बेटे राजवर्धन के साथ बाइक पर सवार होकर राजगढ़ से इंदौर जा रहे थे। मक्सी बायपास पर पीछे से तेज रफ्तार डंपर आने से बाइक असंतुलित हो गई। इसी दौरान श्वेता सड़क पर गिर गईं और डंपर का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: शादी से लौट रहे तीन लोग दुर्घटना का शिकार, महिला की मौत
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बीएनपी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे का सबसे दर्दनाक दृश्य जिला अस्पताल की इमरजेंसी रूम में देखने को मिला। पत्नी की मौत की खबर सुनते ही पति हेमंत पूरी तरह टूट गया। पत्नी श्वेता का शव स्ट्रेचर पर रखा था और हेमंत उसी स्ट्रेचर के नीचे बैठकर उसे पकड़कर फूट-फूटकर रोता रहा। उसकी गोद में मासूम बेटा राजवर्धन भी था, जिसे शायद अब तक यह समझ नहीं था कि उसकी मां हमेशा के लिए उसे छोड़ चुकी है।
काफी देर तक हेमंत पत्नी के शव को वहां से हटाने नहीं दे रहा था। अस्पताल में मौजूद हर शख्स की आंखें यह मंजर देखकर नम हो गईं। दूसरी ओर इमरजेंसी वार्ड के बेड पर छोटा राजवर्धन गहरी नींद में सोया हुआ था, जबकि उसके सिर से मां का साया उठ चुका था।
परिजनों ने बताया कि हेमंत इंदौर में एक हार्डवेयर दुकान पर काम करता है और कुछ दिन पहले ही गांव गया था। सूचना मिलने के बाद इंदौर से परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
संबंधित खबर: ट्रक ने दोपहिया वाहन को पीछे से मारी टक्कर, दुर्घटना में महिला की मौत




