जीवाजीगढ़ में गूंज रहे वैदिक मंत्र, श्री मारुति रुद्र यज्ञ में उमड़ रहे श्रद्धालु

टोंकखुर्द (विजेंद्रसिंह ठाकुर)। समीपस्थ ग्राम जीवाजीगढ़ में चल रहे श्री मारुति रुद्र यज्ञ एवं श्रीमद् भागवत कथा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
18 मई से प्रारंभ हुए इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालु पहुंचकर धर्मलाभ ले रहे हैं। पूरे गांव का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है तथा वैदिक मंत्रोच्चार से क्षेत्र गूंज रहा है।
आयोजन के अंतर्गत कथा वाचक पूनम किशोरी जी, एटा (उत्तरप्रदेश) द्वारा श्रीमद् भागवत कथा का रसपान कराया जा रहा है। कथा में भगवान की लीलाओं और धर्म के महत्व का भावपूर्ण वर्णन किया जा रहा है, जिसे सुनने के लिए श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित हो रहे हैं। वहीं यज्ञाचार्य पं. यशवंत शर्मा (कल्लूखेड़ी) द्वारा वैदिक रीति-रिवाजों के साथ श्री मारुति रुद्र यज्ञ संपन्न कराया जा रहा है।
ग्रामीणों एवं आयोजन समिति ने बताया कि 24 मई तक चलने वाले इस आयोजन में प्रतिदिन धार्मिक कार्यक्रम किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की गई हैं। आयोजन को लेकर गांव में उत्साह का माहौल बना हुआ है। आयोजन की जानकारी रमेशचंद्र यादव ने दी।




