Dewas बस स्टैंड मेन रोड के दोनों तरफ से हटाया अतिक्रमण

पुलिस-निगम की संयुक्त कार्रवाई, सड़क घेरने वाले वाहन जब्त; दोबारा अतिक्रमण पर होगी सख्त कार्रवाई
देवास। शहर में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक समस्या और जाम की स्थिति को देखते हुए नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
निगमायुक्त दलीप कुमार के निर्देशन में बस स्टैंड मेन रोड और एबी रोड क्षेत्र में सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और यातायात बाधित करने वाली सामग्री को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान कई दोपहिया वाहन भी जब्त किए गए।
शहर के सबसे व्यस्त क्षेत्रों में शामिल बस स्टैंड मुख्य मार्ग पर लंबे समय से सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़े किए जा रहे थे। दुकानों के बाहर रखी सामग्री और अस्थायी कब्जों के कारण आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

अभियान के दौरान सड़क के दोनों ओर रखी गई सामग्री को निगम की टीम ने हटाया, जबकि यातायात में बाधा बन रहे बड़ी संख्या में दोपहिया और अन्य वाहनों को पुलिस ने जब्त किया। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि हटाए गए स्थानों पर यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई के साथ सामग्री जब्त करने की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में पुलिस प्रशासन की ओर से एडिशनल एसपी एचएन बाथम, यातायात निरीक्षक पवन बागरी, सुबेदार राहुल चंदेल, सब इंस्पेक्टर भगवान सिंह सहित 36 पुलिसकर्मी मौजूद रहे। वहीं नगर निगम की ओर से उपयंत्री विजय जाधव, श्याम सुंदर रघुवंशी, अतिक्रमण टीम प्रभारी हेमंत उबनारे, प्रतीक शर्मा, स्वच्छता निरीक्षक विजय सांगते और निगम अमला कार्रवाई में शामिल रहा।
प्रशासन का कहना है कि शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




