नगर निगम

मेडिकल वेस्ट मिक्स डालना पड़ा महंगा, दो अस्पतालों पर 55 हजार की चालानी कार्रवाई

Share

देवास। नगर निगम द्वारा स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर लगातार सख्ती बरती जा रही है। कचरा संग्रहण व्यवस्था के दौरान व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं अस्पतालों द्वारा मिक्स वेस्ट डालने पर निगम की टीम ने कड़ी कार्रवाई की है।

आयुक्त दलीप कुमार के निर्देशन में निगम के मुख्य स्वच्छता निरीक्षक रवि गोयनार द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में देवास हॉस्पिटल एवं संस्कार हॉस्पिटल द्वारा मेडिकल वेस्ट को मिक्स कचरे के रूप में कचरा संग्रहण वाहन में डालते हुए पाया गया।

नियमों के उल्लंघन पर निगम टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देवास हॉस्पिटल पर 30,000 रुपए व
संस्कार हॉस्पिटल पर 25,000 रुपए का चालान किया। इस तरह कुल 55,000 रुपए की जुर्माना राशि वसूल की गई।

नगर निगम द्वारा प्रतिदिन किए जा रहे निरीक्षणों में गीला व सूखा कचरा पृथक्करण के साथ-साथ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और अस्पतालों से निकलने वाले मिक्स वेस्ट की सख्ती से जांच की जा रही है।
आयुक्त ने सभी स्वच्छता निरीक्षकों, कचरा संग्रहण वाहनों के चालकों एवं हेल्परों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रतिष्ठान, अस्पताल या रहवासी क्षेत्र से यदि मिक्स वेस्ट कचरा वाहन में डाला जाता है, तो तत्काल चालानी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छता नियमों से किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Back to top button