कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने राजोदा में गेहूं उपार्जन केंद्र का किया निरीक्षण

उपार्जित गेहूं की गुणवत्ता एवं तौल की जा रही बोरियों के वजन की जांच की, दिए आवश्यक निर्देश
देवास। जिले में राज्य शासन के निर्देशानुसार पंजीकृत किसानों से स्लॉट बुकिंग के आधार पर शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य 2585 + बोनस 40 रुपये प्रति क्विंटल कुल 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से जिले में स्थापित 136 गेहूं उपार्जन केन्द्रों पर गेहूं उपार्जन का कार्य किया जा रहा है।
शनिवार को कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने सेवा सहकारी समिति बैरागढ़ द्वारा संचालित गेहूं उपार्जन केन्द्र मातृशक्ति वेयरहाउस क्रमांक 1 राजोदा का निरीक्षण किया। उपार्जित गेहूं की गुणवत्ता एवं तौल की जा रही बोरियों के वजन की जांच की। मौके पर उपस्थित किसानों से चर्चा की। वैध स्लॉट अवधि वाले शेष रहे किसानों के गेहूं तौल के निर्देश समिति प्रबंधक को दिए। मौके पर उपस्थित समिति प्रबंधक को यह भी निर्देशित किया कि, किसानों से एफ.ए.क्यू. मानक का गेहूं उपार्जित किया जाए तथा 2250 क्विंटल प्रतिदिन गेहूं का उपार्जन के संबंध में समस्त आवश्यक व्यवस्था यथा तौल कांटे, हम्माल, तुलावटी आदि सुनिश्चित की जाए।
उपार्जन केन्द्र पर व्यवस्थाओं के संबंध में पूछे जाने पर उपस्थित किसानों ने बताया कि, उपार्जन केन्द्र पर पीने के पानी, बैठने के लिये छाव एवं शौचालय की सुविधा है। उपार्जन केन्द्र की व्यवस्थाओं के संबंध में किसानों ने संतुष्टि व्यक्त की। निरीक्षण के समय अपर कलेक्टर संजीव जैन, उपायुक्त सहकारिका सुश्री दीपाली खंडेलवाल, जिला आपूर्ति अधिकारी दिनेश अहिरवार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
जिले में अब तक गेहूं उपार्जन हेतु कुल पंजीकृत किसान संख्या 77335 में से 37019 स्लॉट बुक किया गया है, जिनमें से 23147 किसानों द्वारा अपनी उपज गेहूं उपार्जन केन्द्रों पर लाकर विक्रय की गई है। 23147 किसानों से कुल 983140 क्विंटल गेहूं का उपार्जन किया जा चुका है।
https://newsoneclick.com/?p=45159 👈 कलेक्टर की सख्ती: फर्जी हस्ताक्षर और जाली आदेश मामले में 3 कर्मचारी निलंबित
25 अप्रैल शनिवार को 935 किसानों से लगभग 35000 क्विंटल गेहूं का उपार्जन किया गया। उपार्जित गेहूं की भुगतान योग्य राशि के विरूद्ध लगभग 150 करोड़ रुपये के ईपीओ प्राप्त हुए है, जिसमें से 102.70 करोड़ रुपये का सफल भुगतान किसानों के आधार लिंक खाते में किया जा चुका है। भुगतान की प्रक्रिया निरंतर जारी है। किसानों की सुविधा के लिए जिले में संचालित सभी उपार्जन केंद्रों पर प्रतिदिन 2250 क्विंटल गेहूं की खरीदी करने की व्यवस्था की गई है।
राज्य शासन द्वारा गेहूं उपार्जन के लिए किसानों के लिए स्लॉट अवधि 9 मई तक बढ़ा दी गई है। अब छोटे, मध्यम एवं बड़े सभी किसान स्लॉट बुक कर समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय कर सकते हैं।




