शिक्षा

देवास की तीन छात्राओं ने प्रदेश मेरिट में बनाई जगह, 10वीं-12वीं में किया शानदार प्रदर्शन

Share

 

10वीं का रिजल्ट 69.35% और 12वीं का 72.30% रहा

देवास। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 10वीं और 12वीं परीक्षा परिणाम में देवास जिले के विद्यार्थियों ने इस वर्ष भी बेहतर प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि जिले की तीन छात्राओं ने प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान बनाकर शहर का नाम रोशन किया।

माध्यमिक  शिक्षा मंडल ने 10वीं-12वीं की परीक्षा का परिणाम बुधवार को घोषित किया। इस बार देवास जिले के परीक्षार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश की मेरिट लिस्ट में स्थान बनाया है। कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम लगभग 69.35 प्रतिशत रहा। कक्षा 12वीं में 72.30 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए।

कक्षा 10वीं में 20834 नियमित परीक्षार्थी शामिल हुए थे। प्रथम श्रेणी में 10536, द्वितीय श्रेणी में 3890 व तृतीय श्रेणी में 23 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। कुल 14449 नियमित परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए।

जबकि प्राइवेट परीक्षार्थियों का परिणाम सिर्फ 47.69 प्रतिशत रहा। प्राइवेट रूप से 2715 परीक्षार्थी शामिल हुए। इनमें प्रथम श्रेणी में 220, द्वितीय श्रेणी में 815 व तृतीय श्रेणी में 259 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। प्राइवेट परीक्षार्थियों में कुल 1294 उत्तीर्ण हुए।

कक्षा 12वीं में 8617 प्रथम श्रेणी में पास हुए-
कक्षा 12वीं में 15963 परीक्षार्थी नियमित रूप से शामिल हुए थे। इनका उत्तीर्ण प्रतिशत 72.30 रहा। इनमें से 8617 प्रथम, 2904 द्वितीय व 20 तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। इस प्रकार कुल 11541 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए।

कक्षा 12वीं के प्राइवेट परीक्षार्थियों का परीक्षा परिणाम 53.23 प्रतिशत रहा। इनमें 3789 परीक्षार्थी शामिल हुए। जिनमें 2017 उत्तीर्ण हुए। प्रथम श्रेणी में 465, द्वितीय श्रेणी में 1211 व तृतीय श्रेणी में 341 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए।

कक्षा 12वीं में एक छात्रा प्रदेश की मेरिट में-
इस वर्ष मंडल द्वारा प्रसारित प्रावीण्य सूची में हायर सेकंडरी परीक्षा में देवास जिले की एक छात्रा ने मेरिट में स्थान बनाया है। उत्कृष्ट विद्यालय देवास की राशि पिता संजय माली को वाणिज्य संकाय में प्रदेश की मेरिट में 7वां स्थान मिला है। राशि ने 500 में से 484 अंक प्राप्त किए।

कक्षा 10वीं में दो छात्राएं मेरिट में-
इसी प्रकार कक्षा 10वीं में अशा. जीएलटी उमावि देवास की अक्षरा पिता जितेंद्र शिंदे को प्रदेश की मेरिट में 9वां स्थान हासिल हुआ है। अक्षरा ने 500 में से 491 अंक प्राप्त किए। इसी तरह पलक पिता शिवराज नामदेव ने 10वां स्थान प्राप्त किया। पलक को 490 अंक प्राप्त हुए।

Back to top button