विंध्य पब्लिक स्कूल में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया नवरात्रि पर्व
कन्या पूजन एवं गरबा उत्सव का हुआ आयोजन

देवास। नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर विंध्य पब्लिक स्कूल में धार्मिक श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में कन्या पूजन, कन्या भोज एवं गरबा उत्सव के साथ विद्यालय परिवार के लिए भंडारे का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा की आराधना एवं कन्या पूजन के साथ हुआ। कन्या पूजन संस्था के संचालक तरुण मिश्रा, संस्था प्रधान सुश्री संतोष सिसोदिया एवं विद्यालय के स्टाफ द्वारा किया गया। इस दौरान कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया।
नवरात्रि के उल्लास को और भी खास बनाने के लिए विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए गरबा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पारंपरिक गरबा नृत्य के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अन्य सदस्यों ने सहभागिता की। पूरे कार्यक्रम का वातावरण भक्तिमय, आनंदमय एवं उत्साहपूर्ण रहा।

विद्यालय प्रबंधन से ज्योति मिश्रा ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं, संस्कारों एवं सामाजिक सद्भाव के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों एवं सांस्कृतिक चेतना का विकास करना रहा।
कार्यक्रम का समापन मां दुर्गा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना के साथ हुआ।



