नगर निगम

नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त ने देवास में की नगरीय निकायों की समीक्षा

Share

 

– योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, कार्यों की गुणवत्ता पर जोर

– विधायक प्रतिनिधि ने पैकी प्लाट, एलईडी क्लस्टर, कर्मचारियों की कमी, आश्रय निधि सहित विकास कार्यों पर की आयुक्त से चर्चा

देवास। नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त संकेत भोंडवे ने शुक्रवार को देवास में संभाग एवं जिले के नगरीय निकायों के कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी विकास योजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जहां भी कमियां हैं, उन्हें शासन के सहयोग से शीघ्र दूर किया जाए।

निगम बैठक हॉल में आयोजित समीक्षा बैठक में देवास, आगर, नलखेड़ा एवं शाजापुर के नगरीय निकायों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक से पूर्व आयुक्त संकेत भोंडवे का महापौर गीता अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल तथा निगम आयुक्त दलीप कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वागत किया।

योजनाओं की प्रगति पर फोकस-
बैठक में स्वच्छता सर्वेक्षण, अमृत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि, जल गंगा मिशन एवं सीवरेज परियोजनाओं की प्रगति की बारीकी से समीक्षा कलेक्टर ऋतुराज सिंह, सहायक आयुक्त दिव्यांक सिंह, संयुक्त संचालक राजीव निगम, निगम आयुक्त दलीप कुमार, संभागीय अधीक्षण यंत्री गजानन चौहान आदि की उपस्थिति में पृथक-पृथक बैठक की। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों में गुणवत्ता के साथ गति बनाए रखें।

निगम आयुक्त दलीप कुमार ने बताया कि शहर में जल वितरण, नई पाइपलाइन, सीवरेज नेटवर्क और रूफ वॉटर हार्वेस्टिंग के कार्य तेजी से चल रहे हैं। साथ ही मीठा तालाब, बालगढ़ तालाब और राजानल तालाब से जुड़े कार्यों एवं रियूज वाटर की संभावनाओं पर भी प्रस्तुति दी गई।

ई-ऑफिस और जीपीएस से लाखों की बचत-
नगर निगम द्वारा किए गए नवाचार भी बैठक में सामने आए। ई-ऑफिस प्रणाली लागू होने से जहां कार्यों में पारदर्शिता बढ़ी है, वहीं विद्युत कांट्रेक्ट डिमांड कम होने से निगम को सालाना करीब 50 लाख रुपये की बचत हो रही है। इसी तरह निगम वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाने से हर महीने लगभग 10 हजार लीटर डीजल-पेट्रोल की बचत दर्ज की गई है। राजस्व वसूली में भी लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल करते हुए करीब 7 करोड़ 60 लाख रुपये की अतिरिक्त वसूली की गई। आयुक्त संकेत भोंडवे ने इन उपलब्धियों की सराहना करते हुए अन्य निकायों को भी इस मॉडल को अपनाने के निर्देश दिए।

हाटपिपल्या निकाय को सहयोग के निर्देश-
बैठक में आयुक्त ने विशेष रूप से हाटपिपल्या नगर पालिका को विकास कार्यों में सहयोग देने के लिए देवास निगम आयुक्त को निर्देशित किया।

विधायक प्रतिनिधि ने उठाए अहम मुद्दे-
समीक्षा बैठक के दौरान विधायक प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल ने नगरीय प्रशासन आयुक्त के समक्ष शहर से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे प्रमुखता से उठाए।

▪️उन्होंने देवास में पैकी प्लाट से जुड़ी समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि आम जनता को इसमें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर आयुक्त ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

▪️इसके साथ ही अग्रवाल ने नगर निगम में चल रहे एलईडी क्लस्टर सिस्टम को समाप्त करने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था के कारण सामान्य एलईडी खरीदी में भी नियमों की जटिलता सामने आती है, जिससे कार्य प्रभावित होते हैं।

▪️अग्रवाल ने आश्रय निधि के उपयोग को सरल बनाने की मांग भी की, ताकि जरूरतमंदों को समय पर लाभ मिल सके।

▪️इसके अलावा उन्होंने नगर निगम में अधिकारियों की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई महत्वपूर्ण पदों पर प्रभारी व्यवस्था के भरोसे काम चल रहा है, जिससे कार्यों की गति प्रभावित हो रही है।

Back to top button