वरिष्ठता बहाली को लेकर शिक्षकों का बिगुल, 8 अप्रैल को धरना-रैली और ज्ञापन की तैयारी

देवास में अध्यापक-शिक्षक संयुक्त मोर्चा ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। वरिष्ठता बहाली और TET के विरोध में 8 अप्रैल से शुरू होने वाले त्रिस्तरीय आंदोलन के तहत जिले में धरना, रैली और ज्ञापन का कार्यक्रम तय किया गया है।
देवास। अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा मप्र के आह्वान पर वरिष्ठता बहाली के समर्थन एवं अव्यावहारिक TET के विरोध में त्रिस्तरीय आंदोलन की घोषणा की गई है। इसी क्रम में 6 अप्रैल को संयुक्त मोर्चा जिला देवास की बैठक मल्हार स्मृति मंदिर में आयोजित की गई।
बैठक में राजेन्द्र सेंधव और दिनेश चौधरी ने बताया कि मध्यप्रदेश में सभी शिक्षक संगठन अभूतपूर्व एकता के साथ अपनी प्रमुख मांग नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता बहाली को लेकर एकजुट हैं। साथ ही अव्यावहारिक TET व्यवस्था का विरोध किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 8 अप्रैल को जिला स्तर, 11 अप्रैल को ब्लॉक स्तर और 18 अप्रैल को भोपाल में महाधरना आयोजित किया जाएगा।
अरुण मिश्रा और पुरुषोत्तम सिसोदिया ने कहा कि शिक्षक साथी अव्यवहारिक व्यवस्थाओं के खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष के लिए तैयार हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 8 अप्रैल को शाम 4 बजे बीएड कॉलेज पर शिक्षक एकत्रित होंगे, जहां से रैली निकालकर शाम 4 से 5 बजे के बीच जिलाधीश को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

बैठक में अजयसिंह गौड़, हुकमसिंह चावड़ा, हजारीलाल चौहान, केके मिश्रा, दिनेश कुमार व्यास, जसमतसिंह कुशवाह, राधेश्याम सोलंकी, नीला रायकवार, स्वाति पंड्या, दिनेश निगम, हिमरतसिंह तोमर, साबिर शेख, धर्मवीर नरवरिया और जितेंद्र मालवीय सहित अन्य शिक्षकों ने अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।




