स्पोर्टस

फाइनल का टिकट दांव पर: कोलकाता में दक्षिण अफ्रीका-न्यूजीलैंड की होगी हाईवोल्टेज भिड़ंत

Share

 

– सेमीफाइनल की जंग के लिए तैयार इडन गार्डन

कोलकाता। टी20 विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में 4 मार्च को ईडन गार्डन्स में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टीमें फाइनल का टिकट हासिल करने के लिए भिड़ेंगी। इससे पहले दोनों टीम विश्वकप में पांच बार भीड़ चुकी है और पांचों बार दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को हराया है।

सेमीफाइनल का यह मुकाबला न केवल दो मजबूत टीमों की टक्कर है, बल्कि मानसिक मजबूती और रणनीति की भी परीक्षा होगी। जीतने वाली टीम खिताबी मुकाबले में कदम रखेगी, जबकि हारने वाली का अभियान यहीं समाप्त हो जाएगा। शाम 7 बजे से शुरू होने वाले इस मुकाबले में दोनों टीमों की नजरें अहमदाबाद में होने वाले खिताबी मैच पर टिकी हैं।

दक्षिण अफ्रीका इस टूर्नामेंट में लगातार सात जीत के साथ सेमीफाइनल में पहुंची है। सुपर आठ के मुकाबले में उसने भारत को बड़े रन अंतर से हराया था। उसे वेस्टइंडीज व जिम्बाब्वे से भी जीत मिली।
वहीं न्यूजीलैंड की टीम उतार-चढ़ाव से गुजरी है, सुपर आठ का उसका पाकिस्तान से मैच बारिश में धुल गया था, श्रीलंका से उसे जीत मिली लेकिन इंग्लैंड से हार। फिर भी यह टीम अपने दिन में दमदार प्रदर्शन कर किसी भी टीम को हराने का माद्दा रखती है।

दक्षिण अफ्रीका कप्तान एडन मार्कराम की अगुवाई में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में संतुलित नजर आ रही है। वहीं न्यूजीलैंड की टीम ने चुनौतियों का सामना करते हुए अंतिम चार में जगह बनाई है और बड़े मुकाबलों में बेहतर खेल दिखाने की क्षमता रखती है।

रन बरसाने वाली पिच की उम्मीद-
ईडन गार्डन्स की पिच को लेकर माना जा रहा है कि यहां बल्लेबाजों को मदद मिल सकती है। आउटफील्ड तेज होने से बड़े स्कोर की संभावना जताई जा रही है। हालांकि स्पिनरों की भूमिका भी अहम रह सकती है, क्योंकि सतह सूखी दिखाई दे रही है।

दक्षिण अफ्रीका कोलकाता की तेज आउटफील्ड और रन बनाने वाली पिच पर अनुकूलता महसूस कर सकती है। दूसरी ओर न्यूजीलैंड ने हाल ही में श्रीलंका की धीमी पिचों पर खेला है, इसलिए उन्हें परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना होगा। अगर इस नॉकआउट मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका चोक नहीं करती है तो रिकॉर्ड को देखते हुए फाइनल में निश्चित तौर पर पहुंच जाएगी।

टीम संयोजन पर नजर-
बल्लेबाजी क्रम में क्विंटन डी कॉक और डेविड मिलर जैसे खिलाड़ी टीम की ताकत हैं। दूसरी ओर न्यूजीलैंड के लिए तेज गेंदबाज मैट हेनरी की उपलब्धता पर अंतिम फैसला मैच से पहले लिया जाएगा। यदि वे फिट नहीं होते हैं तो टीम संयोजन में बदलाव संभव है। कप्तान मिचेल सैंटनर ने संकेत दिए हैं कि परिस्थितियों के अनुसार अंतिम एकादश तय की जाएगी।

आंकड़ों में बढ़त-
मध्य ओवरों में तेज रन बनाने के मामले में दक्षिण अफ्रीका इस टूर्नामेंट में आगे रही है। वहीं न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने अहम मौकों पर विकेट निकालकर टीम को संतुलन दिया है।

कप्तानों का भरोसा-
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडन मार्कराम का कहना है कि टीम अपनी सफल रणनीति पर ही कायम रहेगी और अतिरिक्त दबाव नहीं लेगी। वहीं न्यूजीलैंड कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा कि यहां स्पिनर और तेज गेंदबाज दोनों को ही मदद मिलने की उम्मीद है। सेमीफाइनल में परिस्थितियों के अनुरूप तेजी से ढलना ही सफलता की कुंजी होगी।

Back to top button