खेत-खलियान

बैंक हड़ताल के चलते 27 जनवरी को कृषि उपज मंडी में नहीं होगी नीलामी

Share

 

देवास। कृषि उपज मंडी में 27 जनवरी को अवकाश का निर्णय लिया गया है। यह निर्णय अनाज व्यापारी संघ के अनुरोध पर हुआ है। मंडी में इस तरह लगातार चार दिन छुट्टी है।

जानकारी के अनुसार अनाज व्यापारी संघ ने मंडी समिति को पत्र लिखकर 27 जनवरी को मंडी में अवकाश घोषित करने की मांग की थी। संघ का तर्क था कि 27 जनवरी को प्रस्तावित बैंक हड़ताल के कारण लेन-देन की व्यवस्था प्रभावित रहेगी, जिससे खरीदी और भुगतान में दिक्कत आएगी। व्यापारी संघ की मांग पर विचार करते हुए मंडी प्रबंधन ने 27 जनवरी को अवकाश घोषित कर दिया। मंडी प्रबंधन के निर्णय के अनुसार 27 जनवरी को कृषि उपज मंडी प्रांगण क्रमांक 1 एवं 2 के साथ-साथ उपमंडी बरोठा में भी कृषि उपज की नीलामी का कार्य पूरी तरह बंद रहेगा।

इस संबंध में अनाज व्यापारी संघ के अध्यक्ष संजय पोरवाल ने कहा कि, देवास कृषि उपज मंडी में लेन-देन नगद होता है। प्रतिदिन करोड़ों रुपये के अनाज की खरीदी की जाती है। इसके लिए व्यापारियों को रोजाना बैंक से बड़ी राशि निकालनी पड़ती है। बैंक बंद रहने की स्थिति में न तो नगद भुगतान संभव हो पाता है और न ही किसानों को समय पर राशि दी जा सकती है। ऐसी परिस्थिति में नीलामी कराना व्यावहारिक नहीं होता, इसी कारण अवकाश की मांग की गई।

Back to top button