क्षिप्रा में हुआ ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का समापन

70 से अधिक बच्चों ने सीखे खेलों के गुर, आगामी प्रतियोगिताओं में करेंगे बेहतर प्रदर्शन
क्षिप्रा (देवास)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, क्षिप्रा में ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। इस एक माह के विशेष शिविर में विद्यार्थियों को न केवल खेलों का प्रशिक्षण दिया गया, बल्कि उनके शारीरिक, मानसिक एवं रचनात्मक विकास पर भी ध्यान केंद्रित किया गया।
इस शिविर में योग, तैराकी, कराते, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल, ड्राइंग, खो-खो और केरम जैसी गतिविधियों का नियमित प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कुल 70 विद्यार्थियों ने विभिन्न खेलों में भाग लेकर अपने कौशल को निखारा।
यह प्रशिक्षण शिविर दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, खेल एवं युवक कल्याण विभाग और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्षिप्रा के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य बच्चों को प्रारंभिक स्तर पर प्रशिक्षित कर भविष्य की खेल प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना था, जिससे वे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।
समापन समारोह में खेल युवा कल्याण विभाग, देवास के ब्लॉक समन्वयक यूनुस खान, दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के प्राचार्य इंद्रनील बनर्जी तथा स्कूल के खेल अधिकारी राजीव चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे। इन्होंने शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर योग प्रशिक्षक बाबूलाल पटेल, वॉलीबॉल व तैराकी कोच राजेश बराना प्रजापति, निखिल हरोडे तथा मोहम्मद रिजवान मंसूरी को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने बच्चों को अनुशासित व तकनीकी रूप से प्रशिक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समापन अवसर पर बच्चों, उनके अभिभावकों और सभी प्रशिक्षकों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था ग्रामीण युवा केंद्र द्वारा की गई।
कार्यक्रम की संपूर्ण जानकारी ग्रामीण युवा केंद्र खेल प्रभारी राजेश बराना प्रजापति ने दी। उन्होंने बताया, कि ऐसे शिविरों के माध्यम से बच्चों को खेलों के प्रति रुचि जाग्रत करने और उन्हें खेल के मैदान तक लाने का प्रयास किया जा रहा है। आने वाले समय में यही बच्चे खेल जगत में क्षिप्रा और देवास का नाम रोशन करेंगे।




