सतपुड़ा एकेडमी में गणेशोत्सव की धूम

प्रतिदिन हो रहे विभिन्न आयोजन, भगवान को लगाया छप्पन भोग, महाआरती की
देवास (दिनेश सांखला)। मक्सी रोड तुलजा विहार कॉलोनी स्थित सतपुड़ा एकेडमी में श्री गणेशोत्सव की धूम मची हुई है। गणेश चतुर्थी पर यहां धूमधाम से श्री गणेश प्रतिमा की विधि विधान पूर्वक वैदिक मंत्रोच्चार के द्वारा स्थापना की गई। प्रतिदिन आरती, महाप्रसादी के साथ विभिन्न कार्यक्रम हो रहे हैं।

इसी के तहत गुरुवार को पं. मयंक द्विवेदी के आचार्यत्व में भगवान श्री गणेश को छप्पन भोग का महाप्रसाद अर्पित किया गया। साथ ही स्कूल के विद्यार्थियों ने भगवान श्री गणेश, श्री शंकर एवं पार्वती से संबंधित नाटिका की सुन्दर प्रस्तुति दी। वहीं गुरुजनों ने श्रीगणेश का महात्म्य बताते हुए बच्चों को धर्म एवं संस्कार के पथ पर चलने की शिक्षा दी।

संस्था संचालक भानुप्रतापसिंह सेंधव ने भगवान श्री गणेश का विधिवत पूजन अर्चन कर महाआरती की। इस दौरान भगवान श्रीगणेश के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो गया।

इस अवसर पर विद्यालय संचालक भानूप्रतापसिंह सेंधव, प्राचार्य वीएस जॉब, उपप्राचार्य रश्मि रघुवंशी सहित शिक्षक-शिक्षकाएं एवं विद्यार्थियों ने भगवान की महाआरती की। पश्चात 56 भोग का महाप्रसाद वितरित किया गया।




