क्राइम

लव मैरिज में मिला धोखा, युवती ने जहर खाकर दी जान

Share

 

बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। प्रेम विवाह कर अलग रह रही 21 वर्षीय युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों को सूचना मिलते ही युवती को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, बेहरी निवासी वर्षा ने कुछ महीने पहले झिकड़ाखेड़ा (बागली) निवासी युवक से प्रेम विवाह किया था। दोनों ने जटा शंकर मंदिर में शादी की थी और उसके बाद से युवती परिजनों से अलग रह रही थी।

शादी के कुछ समय बाद वर्षा को पता चला कि युवक पहले से ही शादीशुदा है और एक बच्चे का पिता है। इतना ही नहीं, उसने पूर्व में भी अन्य समाज की एक युवती से प्रेम विवाह किया था। इस धोखे से आहत होकर वर्षा ने बुधवार को बागली थाना जाकर नीरज के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन शादी के पर्याप्त सबूत न होने के कारण पुलिस ने कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की और बताया कि युवक पर किसी भी धाराओं के अंतर्गत मामला नहीं बनता।

इससे क्षुब्ध होकर उसने गुरुवार शाम करीब 5 बजे जहरीला पदार्थ खा लिया। जहरीली वस्तु सेवन के बाद उसने पास ही रहने वाली अपनी सहेली को फोन कर कहा, “मेरी मम्मी को बोल देना मैंने जहर खा लिया है।” सूचना मिलते ही उसकी मां और भाई पहुंचे तो वह बेहोशी की हालत में मिली। उसे तुरंत बागली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उसे गंभीर हालत में चपड़ा के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना पर बागली पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागली में कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Back to top button