शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्षिप्रा में ‘भविष्य से भेंट’ कार्यक्रम

क्षिप्रा (राजेश बराना)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्षिप्रा में ‘स्कूल चलें अभियान’ के अंतर्गत आज ‘भविष्य से भेंट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रेरणादायी कार्यक्रम में स्थानीय स्तर पर विशेष उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ी, कलाकार, वरिष्ठ शासकीय अधिकारी एवं पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय विशिष्ट व्यक्तित्वों को आमंत्रित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालयीन शिक्षकों ने सभी अतिथियों का स्नेहपूर्ण स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन संस्कृत शिक्षक कृष्णकांत शर्मा द्वारा किया गया, जबकि अतिथि परिचय रितेश कौशल ने दिया।
विद्यालय के ही पूर्व छात्र और वर्तमान में शिक्षक, राजेश कौशल एवं विष्णु प्रसाद चौधरी ने अपने संघर्षों की प्रेरणादायक कहानी साझा की, जिससे विद्यार्थियों को कठिनाइयों से लड़ने और लक्ष्य प्राप्ति की प्रेरणा मिली।
पंच तत्व फाउंडेशन, देवास के संचालक एवं माँ क्षिप्रा नदी बचाओ समिति के सचिव सादिक अली ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
पूर्व शिक्षक नानुराम वर्मा ने एक प्रेरक प्रसंग के माध्यम से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाया, वहीं आयुर्वेद चिकित्सालय क्षिप्रा के अधिकारी सुभाष भार्गव ने गीता के श्लोकों के माध्यम से विद्यार्थियों को अनुशासित एवं सतत अध्ययन के लिए प्रेरित किया।
दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के प्राचार्य इंद्रनील बनर्जी ने विद्यार्थियों को नियमित विद्यालय आने एवं मेहनत से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। ज्योति वर्मा ने एक प्रेरक उद्बोधन दिया और वाद्य यंत्रों के साथ कबीर भजन एवं देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया।
कबीर भजन गायक शंकरलाल धौलपुरिया ने ‘स्कूल चले हम’ अभियान पर एक प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किया, जिससे उपस्थित छात्र-छात्राएं मंत्रमुग्ध हो गए।
मुख्य अतिथि सलीम शेख ने विद्यार्थियों को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। विद्यालय के प्राचार्य राजीव सूर्यवंशी ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ बाहरी वातावरण, प्रकृति एवं बड़ों से सीखने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में अर्जुन सिंह बैस ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।




