आपका शहरनगर निगम

महापौर हेल्पलाइन के बाद अब क्यू आर कोड से भी होगी समस्या हल

Share

– मोबाइल पर करें स्कैन और वार्ड से संबंधी सारी जानकारी होगी उपलब्ध

– शहर का यह वार्ड कहलाएगा पिंक वार्ड, महापौर ने की घोषणा, वार्ड में सभी कार्य करेंगी महिलाएं

देवास। नगर निगम संबंधी समस्याओं के लिए रहवासियों को अब नगर निगम कार्यालय के चक्कर नहीं लगाना पड़ेंगे। समस्या का निराकरण मोबाइल से ही घर बैठे हो जाएगा। महापौर हेल्पलाइन प्रारंभ होने के साथ ही अब नगर निगम ने क्यू आर कोड की लांचिंग भी कर दी है। क्यू आर कोड स्कैन कर आसानी से समस्या का निराकरण करवाया जा सकेगा। ये क्यू आर कोड नगर निगम कार्यालय सहित वार्ड में चस्पा रहेंगे। गांधी जयंती पर नगर निगम ने क्यू आर कोड की लांचिंग की और साथ ही वार्ड 10 को पिंक वार्ड घोषित किया। इस वार्ड के सारे काम महिलाएं ही करेंगी।

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर प्रदेशव्यापी नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत मल्हार स्मृति ऑडिटोरियम में नगर निगम ने कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में स्वच्छता अंतर्गत वार्ड क्रमांक 10 को पिंक वार्ड घोषित किया गया व क्यू आर कोड की लांचिंग की गई। कार्यक्रम में वार्ड 10 को पिंक वार्ड बनाने की घोषणा महापौर गीता अग्रवाल ने की। महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल ने कहा कि इस वार्ड में सभी अधिकारी-कर्मचारी महिलाएं ही होंगी। वार्ड में कचरा वाहन चालक, हेल्पर महिलाएं होंगी। सफाई का कार्य भी महिलाओं द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिंक वार्ड का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक द्ष्टिकोण से भी मजबूत करना है। महिला सफाई कर्मचारियों की मॉनीटरिंग के लिए वार्ड दरोगा, वार्ड प्रभारी, वार्ड एसआई भी महिलाएं नियुक्त की जाएगी, ताकि वार्ड की समुचित सफाई व्यवस्था की जा सके।

कार्यक्रम के दौरान क्यू आर कोड की लांचिंग की गई। इसके माध्यम से वार्ड से निगम संबंधी जानकारी मिलेगी और नागरिक अपनी समस्या का निराकरण करवा सकेंगे। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष राजीव खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वच्छ भारत अभियान चलाया जा रहा है और पूरे देश-प्रदेश व शहर में इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं। निगम स्वास्थ्य समिति प्रभारी धर्मेंद्रसिंह बैस ने कहा कि देवास के लिए गौरव की बात है कि क्यू आर कोड की लांचिंग की गई। शहरवासी देवास को स्वच्छता में नंबर वन बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें। निगम उपायुक्त तनूजा मालवीय ने भी संबोधित कर क्यू आर कोड संबंधी विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर महापौर प्रतिनिधि श्री अग्रवाल ने नशामुक्ति अभियान अंतर्गत उपस्थितजनों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम में ध्वनिल नाट्य संस्था के कलाकारों ने स्वच्छता मित्र नाटक का मंचन किया। कार्यक्रम में ब्रांड एंबेसडर सैय्यद मकसूद अली, महेश सोनी, पार्षद राजेश यादव, अर्पणा आशुतोष जोशी, अकिला अजबसिंह, ऋतु सवनेर, निगम सहायक यंत्री जगदीश वर्मा, सौरभ त्रिपाठी, अरुण तोमर, विशाल जोशी आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन अरविंद त्रिवेदी ने किया।

सम्मान भी किया-

कार्यक्रम में वेस्ट टू आर्ट एवं रंगोली आर्ट प्रतियोगिता में 29 बच्चों का सम्मान प्रतीक चिन्ह व प्रमाण पत्र भेंटकर किया गया। इसी प्रकार स्वच्छता में श्रेष्ठ कार्य करने वाले 67 सफाई मित्रों का सम्मान भी अतिथियों द्वारा प्रतीक चिन्ह व प्रमाण पत्र भेंटकर किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button