देवास

स्वामी विवेकानंद ने भारत को विश्व पटल पर किया गौरवान्वित- अध्यक्ष ललित शर्मा

Share

dewas news

  • प्रेस क्लब ने मनाई स्वामी विवेकानंद जी की जयंती

देवास। स्वामी विवेकानंद की 162वीं जयंती प्रेस क्लब ने उत्साह के साथ मनाई। स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प समर्पित किए गए। समाज को नई दिशा और युवाओं को एक सशक्त मार्ग प्रदान करने के स्वामीजी के उद्देश्यों को पत्रकारों ने याद करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।

अध्यक्ष ललित शर्मा ने स्वामीजी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा, कि स्वामी विवेकानंद का जन्म कोलकाता में 1863 में हुआ था। उनका बचपन का नाम नरेंद्र नाथ दत्त था। बाद में सांसारिक मोह-माया को त्याग कर उन्हें संन्यास ले लिया और गुरु रामकृष्ण परमहंस के शिष्य बन गए। गुरुजी ने ही उन्हें स्वामी विवेकानंद नाम दिया। उन्होंने रामकृष्ण मठ, रामकृष्ण मिशन और वेदांत सोसाइटी की स्थापना की। 1893 में अमेरिका के शिकागो में हुए विश्व धर्म सम्मेलन में उन्होंने भारत और हिंदुत्व का प्रतिनिधित्व किया। भारतीय दर्शन, वेदांत और योग को पश्चिमी देशों में प्रस्तुत किया और भारत को विश्व पटल पर गौरवान्वित किया।

अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा, कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने भीतर विश्वास रखने की प्रेरणा दी। उनका कहना था, उठो जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए। आज हम स्वामी विवेकानंद की 162वीं जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मना रहे हैं।

इस अवसर पर सचिव शेखर कौशल, कोषाध्यक्ष सिद्धार्थ मोदी, वरिष्ठ पत्रकार नितिन गुप्ता, खूबचंद मनवानी, रघुनंदन समाधिया, राजेंद्रसिंह पवार, रोहित उपाध्याय, जितेंद्र मारू, स्पोर्ट्समैन अनिल श्रीवास्तव सहित कई समाजजन मौजूद रहे। उक्त जानकारी संयुक्त सचिव अशोक पटेल ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button