टोंककला पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामला: दिल्ली से आरोपी कपिल वीज गिरफ्तार, SIT की लगातार कार्रवाई

देवास। जिले के टोंककला स्थित पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपियों में शामिल कपिल वीज़ को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में दिल्ली के कई ठिकानों पर दबिश दी, जिसके बाद उसे हिरासत में लिया गया।
जानकारी के अनुसार आरोपी कपिल वीज अपने भाई मुकेश वीज के साथ संयुक्त रूप से पटाखा फैक्ट्री के संचालन में शामिल था। पुलिस जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए विस्फोटक सामग्री का भंडारण और निर्माण किया जा रहा था।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले टोंककला क्षेत्र में संचालित पटाखा फैक्ट्री में अचानक भीषण विस्फोट के साथ आग लग गई थी। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दुर्घटना में 5 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि 20 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए थे। घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में कराया गया।
घटना के बाद प्रदेशभर में इस हादसे को लेकर गंभीर सवाल उठे थे। मुख्यमंत्री स्तर पर भी मामले का संज्ञान लिया गया था तथा उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए गए थे। पुलिस द्वारा SIT का गठन कर फैक्ट्री संचालन, लाइसेंस, सुरक्षा प्रबंध और विस्फोटक सामग्री के उपयोग की विस्तृत जांच शुरू की गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि फैक्ट्री में सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था और मजदूरों से जोखिम भरे माहौल में काम कराया जा रहा था। मामले में फैक्ट्री संचालकों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था।




