जर्जर सीसी रोड पर हुआ डामरीकरण

वार्ड 30-31 को स्टेशन रोड से जोड़ती है सड़क, रहवासियों को मिली राहत
देवास। कायाकल्प अभियान के अंतर्गत नगर निगम देवास द्वारा वार्ड क्रमांक 30 और 31 को रेलवे स्टेशन रोड स्थित होटल लगन पैलेस से शिमला कॉलोनी तथा गुरुद्वारा से रविशंकर शुक्ल नगर तक जोड़ने के लिए सीसी रोड का निर्माण करवाया गया था। सड़क के दोनों हिस्से निर्माण के साथ ही उखड़ गए थे, जिसमें एक हिस्से को फिर से बनाया गया था, अब दूसरे हिस्से पर डामरीकरण किया गया है।
इस सड़क का निर्माण कार्य पिछले वर्ष किया गया था, लेकिन कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठे जब यह सड़क कुछ ही समय में उखड़ गई। रहवासियों ने इसकी शिकायत नगर निगम में की थी। इस पर वार्ड 30 के पार्षद शीतल गेहलोत ने गंभीरता दिखाई और खुद मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया।
दो भागों में थी सड़क, एक पर पहले हो चुका सुधार-
सड़क दो हिस्सों में बनाई गई थी एक हिस्सा होटल लगन पैलेस से शिमला कॉलोनी की ओर और दूसरा गुरुद्वारा से रविशंकर शुक्ल नगर को जोड़ने वाला मार्ग। पार्षद गेहलोत ने तत्परता दिखाते हुए गुरुद्वारा मार्ग की सड़क को दोबारा सीसी रोड के रूप में बनवाया था, लेकिन होटल लगन पैलेस वाला हिस्सा किसी कारणवश छूट गया था।
अब किया गया डामरीकरण-
अब उस बचे हुए हिस्से को डामरीकरण कर दुरुस्त कर दिया गया है, जिससे सड़क पूरी तरह से चालू हो गई है और रहवासियों को आवागमन में राहत मिलने लगी है। यह कार्य नगर निगम व स्थानीय जनप्रतिनिधि के समन्वय से संपन्न हुआ।
रहवासियों ने जताया आभार-
क्षेत्र के नागरिकों ने सड़क को लेकर दी गई इस सुविधा के लिए पार्षद शीतल गेहलोत का आभार माना है और उम्मीद जताई कि आगे भी इसी तरह पारदर्शिता और तत्परता के साथ जनहित के कार्य किए जाते रहेंगे।
पार्षद शीतल गेहलोत का कहना है जनता की शिकायत को गंभीरता से लेना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। जिस सड़क के हिस्से को लेकर रहवासियों की परेशानी थी, उसे अब डामरीकरण कर ठीक कर दिया गया है।
उन्होंने कहा, कि हमारा प्रयास है कि वार्ड में कोई भी रास्ता जर्जर स्थिति में न रहे और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं सहजता से मिलें। हमने जो भी कार्य किए हैं, वे पारदर्शी और टिकाऊ हों, यही हमारी प्राथमिकता है। मैं रहवासियों से सहयोग की अपील करता हूं और विश्वास दिलाता हूं कि वार्ड 30 के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।




