अवैध शराब पर आबकारी की सख्ती, तीन प्रमुख क्षेत्रों में छापेमारी

बालगढ़ रोड, बस स्टैंड और स्टेशन रोड से 15 हजार से अधिक की शराब जब्त, दो प्रकरण दर्ज
देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशन और सहायक आबकारी आयुक्त मनीष खरे के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं परिवहन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शहर के संवेदनशील इलाकों में बड़ी कार्रवाई की है।

आबकारी वृत्त देवास-ए की टीम ने 19 दिसंबर को भोलेनाथ मंदिर के पास बालगढ़ रोड, बस स्टैंड तथा स्टेशन रोड क्षेत्र में संदिग्ध स्थानों और ढाबों पर सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान 50 पाव देशी मदिरा प्लेन, 44 पाव विदेशी मदिरा, 3 बोतल विदेशी मदिरा एवं 6 कैन बीयर बरामद की गई।
मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 के तहत दो प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिए गए हैं। जब्त की गई मदिरा का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 15 हजार 200 रुपये बताया गया है।
इस कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक प्रेम यादव, आबकारी मुख्य आरक्षक बाल मुकुंद गौड़, आरक्षक राजा राम रायकवार, निहाल खत्री, निकिता परमार, अरविंद जिनवाल एवं बालकृष्ण जायसवाल शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।




