कानून की वर्दी में संवेदना की गर्माहट

फूलनगर में टीआई सवितासिंह की चौपाल, महिलाओं को सुरक्षा का भरोसा दिया और ठंड से राहत के लिए कंबल बांटे
सिरोल्या / अमर चौधरी। जब पुलिस सिर्फ कानून नहीं, बल्कि संवेदना और सेवा का चेहरा बनकर सामने आए, तो समाज में विश्वास और सुरक्षा की भावना स्वतः मजबूत होती है। ऐसा ही एक प्रेरणादायक दृश्य रविवार रात सिरोल्या की फूलनगर बस्ती में देखने को मिला, जब बरोठा थाना प्रभारी टीआई सवितासिंह जाटव स्वयं बस्ती में पहुंचीं और महिलाओं के बीच जन चौपाल लगाकर न केवल उनकी समस्याएं सुनीं, बल्कि उन्हें अपराधों के प्रति जागरूक भी किया।
महिलाओं से सीधा संवाद, डर नहीं जागरूकता रखें-
चौपाल के दौरान टीआई जाटव ने महिलाओं से सरल और आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की घटना हो, डरें नहीं। तुरंत डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने महिला अपराधों, साइबर ठगी, यातायात नियमों और रोजमर्रा की सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। टीआई जाटव ने विशेष रूप से कहा अगर कोई ठगी करता है या फोन पर पैसे मांगता है, तो बिना झिझक साइबर हेल्पलाइन या पुलिस को जानकारी दें। आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर और सतर्क रहने का आह्वान करते हुए कहा कि जागरूक महिला ही सुरक्षित परिवार और मजबूत समाज की नींव होती है।
कानून के साथ करुणा: कंबल बांटकर दिया स्नेह का संदेश
चौपाल के बाद टीआई ने अपने सामाजिक दायित्व का परिचय देते हुए ठंड से जूझ रही बस्ती की महिलाओं को कंबल वितरित किए। कड़ाके की ठंड में यह पहल महिलाओं के लिए राहत के साथ-साथ पुलिस के मानवीय चेहरे का प्रतीक बनी। टीआई जाटव ने इस अवसर पर कहा पुलिस का काम सिर्फ अपराध रोकना नहीं, बल्कि जरूरत के समय लोगों के साथ खड़ा होना भी है। ठंड के इस मौसम में यदि हमारी छोटी-सी मदद किसी को सुकून दे सकती है, तो इससे बड़ा कर्तव्य और क्या हो सकता है।
प्रशंसा और भरोसे का माहौल-
टीआई जाटव के इस सराहनीय और मानवीय प्रयास की बस्तीवासियों ने खुलकर प्रशंसा की। महिलाओं ने कहा कि पुलिस के इस तरह सीधे संवाद से उन्हें सुरक्षा और विश्वास का एहसास हुआ है। इस अवसर पर बरोठा थाना का पुलिस बल भी उनके साथ मौजूद रहा। संवेदना, सेवा और संवाद से ही समाज को सशक्त और सुरक्षित बनाया जा सकता है।




