नन्हे वैज्ञानिकों के बड़े सपने: विज्ञान मेले में दिखी विद्यार्थियों की अद्भुत प्रतिभा

रुद्राक्ष प्रोग्रेसिव एकेडमी बरोठा में विज्ञान के प्रयोगों से सजी प्रदर्शनी
सोलर पैनल क्लीनर ने खींचा ध्यान, फिंगरप्रिंट आधारित वाहन स्टार्ट सिस्टम बना आकर्षण का केंद्र
बरोठा (अमर चौधरी)। रुद्राक्ष प्रोग्रेसिव एकेडमी बरोठा में विज्ञान मेला प्रदर्शनी आयोजित की गई। प्रदर्शनी ने यह सिद्ध कर दिया कि यदि बच्चों को सही मार्गदर्शन और मंच मिले तो वे भविष्य की तकनीक आज ही गढ़ सकते हैं।
विद्यालय परिसर में आयोजित इस विज्ञान मेले में छात्र-छात्राओं ने अपनी वैज्ञानिक सोच, नवाचार क्षमता और रचनात्मक दृष्टिकोण का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी को देखने के लिए विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों और नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ी।

इस विज्ञान मेले का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना, उन्हें प्रयोग आधारित शिक्षा से जोड़ना तथा समाज की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए प्रेरित करना रहा। बच्चों द्वारा बनाए गए मॉडल न केवल आकर्षक थे, बल्कि व्यावहारिक उपयोगिता से भी भरपूर रहे।

प्रदर्शनी में प्रस्तुत प्रमुख मॉडल-
– ऑटोमैटिक रूफ टॉप सिस्टम।
– सोलर पैनल क्लीनर: बिना मानवीय श्रम के सोलर पैनल की सफाई व्यवस्था।
– ऑटोमैटिक स्ट्रीट लाइट सिस्टम: ऊर्जा संरक्षण पर आधारित मॉडल।
– रोबोटिक्स एवं फिंगरप्रिंट स्कैनर आधारित वाहन स्टार्टर।
– जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन मॉडल।
– स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम: यातायात प्रबंधन की आधुनिक अवधारणा।
– होम ऑटोमेशन सिस्टम: स्मार्ट घर की कार्यप्रणाली।
– ऑटोमैटिक आरओ वॉटर सिस्टम।
– रूम हीटर मॉडल, फार्मर ट्रैकिंग एंड मॉनिटरिंग सिस्टम।
इन मॉडलों ने विद्यार्थियों की वैज्ञानिक समझ, तकनीकी दक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी को स्पष्ट रूप से दर्शाया।

प्रदर्शनी में निर्णायक की भूमिका बरोठा संकुल से मुकेश वर्मा, रत्ना देशपांडे एवं डॉ. विजया जायसवाल ने निभाई। इस विज्ञान मेले में लगभग 500 छात्र-छात्राओं और 1000 से अधिक अभिभावकों ने सहभागिता की। नागरिकों ने कहा कि यदि विद्यार्थियों को सही दिशा, मंच और प्रोत्साहन मिले, तो वे भविष्य के वैज्ञानिक बन सकते हैं। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के पूर्व प्राचार्य एवं वरिष्ठ समाजसेवी जगदीश जायसवाल द्वारा किया गया। आभार प्रदर्शन डॉ. प्रतिभा ने किया।




