धर्म-अध्यात्म

सिरोलिया से नापाखेड़ी धाम तक निकलेगी 1 हजार भक्तों की निशान यात्रा

Share

बाबा खाटू श्याम को अर्पित करेंगे निशान

सिरोलिया। भक्ति, आस्था और समर्पण का अनूठा संगम 5 अगस्त को देखने को मिलेगा, जब संत सिंगाजी महाराज मंदिर, सिरोलिया से श्री खाटू श्याम मंदिर, नापाखेड़ी धाम तक भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में करीब 1,000 खाटू श्याम भक्त शामिल होंगे और बाबा श्याम को समर्पित निशान अर्पित करेंगे।

यात्रा का शुभारंभ सुबह 9:30 बजे होगा, जिसकी जानकारी आयोजक नीलेश चौधरी ने दी। उन्होंने बताया, कि यात्रा के लिए निःशुल्क रजिस्ट्रेशन किए जा रहे हैं, जिसमें सिरोलिया सहित आसपास के ग्रामों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हिस्सा ले रहे हैं।

गांव में होगा भक्ति का उल्लास- संत सिंगा जी महाराज मंदिर से प्रारंभ होकर गांव का भ्रमण करते हुए भक्तजन पैदल यात्रा के माध्यम से नापाखेड़ी धाम पहुंचेंगे। पूरे मार्ग में भक्ति गीत, जयकारे और ढोल-नगाड़ों की गूंज वातावरण को भक्तिमय बनाएगी।

क्या है निशान यात्रा का महत्व?
निशान यात्रा खाटू श्याम जी की भक्ति परंपरा का एक प्रमुख हिस्सा है। इसमें भक्तजन अपने सिर पर बाबा का निशान (ध्वज) लेकर मंदिर तक की यात्रा करते हैं। यह यात्रा समर्पण, श्रद्धा और विनम्रता का प्रतीक मानी जाती है।

खाटू श्याम को कलियुग का देवता माना गया है और कहा जाता है कि जो भी सच्चे मन से बाबा श्याम को निशान अर्पित करता है, उसकी हर मनोकामना पूर्ण होती है।

आयोजन संयोजक नीलेश चौधरी ने समस्त श्याम भक्तों से इस पावन यात्रा में सहभागी बनने की अपील की है। उन्होंने कहा, कि यह यात्रा केवल मंदिर तक पहुंचने का मार्ग नहीं, बल्कि आत्मिक शुद्धि और आस्था की पूर्णता का मार्ग है। हम सभी भक्तों से निवेदन करते हैं कि निशान यात्रा में भाग लेकर बाबा श्याम के चरणों में अपना प्रेम और भक्ति अर्पित करें।

Back to top button