क्राइम

देवास पुलिस ने शादी का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़, 24 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार

Share

अनाथ आश्रम की लड़कियों से शादी कराने का प्रलोभन देकर की थी धोखाधड़ी

देवास। शादी कराने का झांसा देकर लोगों से पैसे ऐंठने वाले एक संगठित गिरोह का देवास पुलिस ने पर्दाफाश किया है।

आरोपियों ने अनाथ आश्रम की लड़कियों से विवाह कराने का प्रलोभन देकर कई लोगों से एडवांस राशि वसूली और बाद में फर्जी सामूहिक विवाह कार्यक्रम के नाम पर उन्हें अलग-अलग स्थानों पर बुलाकर धोखाधड़ी की। शिकायत मिलते ही बैंक नोट प्रेस थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए विशेष टीम गठित की और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर तंत्र की मदद से मात्र 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को देवास और इंदौर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार 24 मई को फरियादी अभिषेक वर्मा ने थाना बैंक नोट प्रेस उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके जीजाजी जितेन्द्र वर्मा निवासी सतपिपल्या, जिला सीहोर के माध्यम से उसकी पहचान विदिशा निवासी मुकेश दास बैरागी से हुई। आरोपियों ने स्वयं को अनाथ आश्रम की लड़कियों की शादी कराने वाला बताते हुए फरियादी को इंदौर स्थित मातृछाया अनाथ आश्रम की लड़कियों के फोटो भेजे तथा शादी कराने के नाम पर 25,000 रुपये एडवांस मांगे। फरियादी द्वारा शादी की आशा में दिनांक 6 मई को अपने फोन-पे नंबर से आरोपी के खाते में 25,000 रुपये ट्रांसफर किए गए।

आरोपियों ने फरियादी सहित अन्य लोगों को 24 एवं 25 मई को देवास स्थित माता टेकरी पर सामूहिक विवाह कराने के लिए बुलाया। निर्धारित तिथि पर फरियादी अपने परिजनों सहित देवास पहुंचा, जहां अन्य कई युवक भी शादी के लिए आए हुए थे। आरोपियों द्वारा पहले बस स्टैंड के पास धर्मशाला और बाद में राधागंज क्लब ग्राउंड पर बुलाया गया, लेकिन कहीं भी विवाह की कोई व्यवस्था नहीं मिली।

आपस में चर्चा करने पर सभी लोगों को पता चला कि आरोपियों ने सभी से एक जैसी बात कहकर तथा समान लड़कियों के फोटो भेजकर रुपये ऐंठे हैं। मामले में वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बैंक नोट प्रेस निरीक्षक प्रीती कटारे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा मुखबिर तंत्र, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मात्र 24 घंटे के भीतर आरोपियों को देवास एवं इंदौर से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से धोखाधड़ी से प्राप्त राशि के संबंध में पूछताछ की जा रही है तथा उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी संबंधित थानों से प्राप्त की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी के नाम-
1. सुनीता पति मुकेश दास बैरागी, उम्र 38 वर्ष निवासी ग्राम बम्हौरी हाल महानीम चौराहा, विदिशा थाना शमशाबाद जिला विदिशा।
2. मुकेश दास बैरागी पिता श्यामदास बैरागी उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम बम्हौरी हाल महानीम चौराहा, विदिशा थाना शमशाबाद जिला विदिशा।
3. दिनेश दास बैरागी पिता श्यामदास बैरागी उम्र 45 वर्ष निवासी ग्राम बम्हौरी हाल महानीम चौराहा, विदिशा थाना शमशाबाद जिला विदिशा।

सराहनीय भूमिकाः उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रीती कटारे, उप निरीक्षक रामलाल भगत, राहुल परमार, सउनि रविन्द्र गोदार, प्रधान आरक्षक मनोज पटेल, अनिल, आर संदीप, रोहित रोजड़े, मआर शिवानी कुशवाह, मोनिका एवं साइबर सेल के प्रआर सचिन चौहान की उल्लेखनीय भूमिका रही।

Back to top button